हरियाणा से दिल्ली NCR क्षेत्र में सफर करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। हाल ही में मुख्यमंत्री नायब सैनी ने 1 लाख से ज्यादा आबादी वाले शहरों और कस्बों के लिए रिंग रोड और बाईपास निर्माण की योजना को मंजूरी प्रदान की है। इसी कड़ी में पलवल से गुरुग्राम के सोहना के बीच 24 किलोमीटर लंबा नया फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा।
इस बाईपास निर्माण से न केवल दोनों शहरों के बीच सड़क नेटवर्क कनेक्टिविटी में सुधार देखने को मिलेगा बल्कि साथ ही पलवल और आसपास के इलाकों में कारोबार, औद्योगिक इकाइयां और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की पूरी संभावना है।
नौकरीपेशा लोगों को मिलेगी राहत
वर्तमान में पलवल- सोहना सड़क मार्ग टू-लेन है। इस मार्ग से रोजाना लाखों की संख्या में नौकरीपेशा लोग गुरुग्राम के लिए आवागमन करते हैं। सड़क की चौड़ाई कम होने और ट्रैफिक दबाव ज्यादा होने के चलते यहां से सफर करने वाले लोगों को हर रोज ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझना पड़ता है।
वहीं, भारी वाहनों की आवाजाही के चलते यह परेशानी और ज्यादा बढ़ जाती है। ओवरटेकिंग के दौरान दुर्घटना होने का अंदेशा बना रहता है। ऐसे में इस सड़क के फोरलेन बनने से नौकरीपेशा सहित अन्य लोगों को भी पलवल से सोहना और आगे गुरुग्राम के लिए बेहतर सड़क की सुविधा मिलेगी। उन्हें ट्रैफिक जाम से परे कम समय में अपनी यात्रा पूरी करने का अनुभव मिलेगा।
औद्योगिक क्षेत्रों से मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी
पलवल- सोहना बाईपास निर्माण से आसपास के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों से सड़क मार्ग के जरिए बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा। धारूहेड़ा इंडस्ट्रियल एरिया, नूंह में विकसित हो रही IMT, पलवल- फरीदाबाद के बीच नोएडा एयरपोर्ट के पास प्रस्तावित IMT, बाईपास बनने से इन सभी जगहों पर औद्योगिक गतिविधियों और माल परिवहन को बढ़ावा मिलेगा।शहर से दूर होगी ट्रैफिक जाम की जकड़न बाईपास निर्माण से लंबी दूरी के वाहनों को शहर के भीतर एंट्री करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। इससे शहर की प्रमुख सड़कों से ट्रैफिक दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
पलवल से सोहना के बीच नया फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा। परियोजना के लिए जमीन से संबंधित प्रकिया पूरी करने के बाद अधिग्रहण का काम शुरू किया जाएगा। जमीन उपलब्ध होने के बाद सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। प्रदीप संधू, लोक निर्माण विभाग, नूंह।

