हरियाणा सहित देशभर के किसानों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) में 1-2 सितंबर को रबी कृषि मेला आयोजित होगा। इस मेले में सीएम नायब सैनी बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। इस बार मेले की थीम ‘सतत कपास उत्पादन-फसल विविधीकरण एवं जल संसाधन सुरक्षा’ रखी गई है।
किसानों को मिलेगी नई तकनीकों की जानकारी
HAU कुलपति प्रो. बलदेव राज कंबोज ने बताया कि मेले में किसानों को विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक सतत कपास उत्पादन, फसल विविधीकरण और जल संसाधन सुरक्षा से जुड़ी तकनीकों की जानकारी देंगे। मेले में बीज, उर्वरक, कीटनाशक, कृषि मशीनरी और यंत्र बनाने वाली कंपनियां भी शामिल होंगी। किसानों को अलग-अलग कृषि कामों के लिए उपयोगी मशीनों और यंत्रों की कार्यप्रणाली, कीमत और बनाने वालों की जानकारी मिलेगी।
इसके साथ ही HAU की ओर से बताई गई रबी फसलों के उन्नत बीज, बायोफर्टिलाइजर और कृषि साहित्य भी किसानों को मिलेगा। विश्वविद्यालय के अनुसंधान फार्म पर वैज्ञानिकों द्वारा उगाई गई फसलों को प्रदर्शित किया जाएगा। साथ ही, उनमें अपनाई गई तकनीकों की जानकारी भी दी जाएगी।
वैज्ञानिक जांच की मिलेगी सुविधा
उन्होंने बताया कि HAU के गेट नंबर-3 के सामने मेला ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस क़ृषि मेले में किसानों को मिट्टी, सिंचाई पानी और रोगी पौधों की वैज्ञानिक जांच की सुविधा मिलेगी। कृषि, पशुपालन और गृह विज्ञान से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए दोनों दिन प्रश्नोत्तरी सभाएं होंगी। मेले में प्रदर्शनी के लिए सटॉलों की बुकिंग शुरू हो गई है। पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर फटाफट स्टॉल की बुकिंग शुरू हो गई है।

