हरियाणा के गुरुग्राम में एक और नया मेट्रो कॉरिडोर बनाने की तैयारी तेज हो गई है। गुरुग्राम में सेक्टर-56 से पचगांव तक 35.25 किलोमीटर लंबा नया मेट्रो कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।
ये Metro कॉरिडोर रैपिड मेट्रो, आरआरटीएस और हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर से भी जुड़ेगा। इसको तेज रफ्तार और बेहतर कनेक्टिविटी के साथ विकसित करने की तैयारी है।
गुरुग्राम में ट्रैफिक के दबाव को कम करने करने के लिए सेक्टर-56 से पचगांव तक 35.25 किलोमीटर लंबा नया एलिवेटेड मेट्रो कॉरिडोर प्रस्तावित किया गया है। इसमें आधुनिक Communication-Based Train Control (CBTC) सिग्नलिंग प्रणाली का इस्तेमाल किया जाएगा। इस कॉरिडोर की डिजाइन स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटे होगी और 35.25 किमी लंबे इस रूट पर कुल 28 स्टेशन होंगे।
सेक्टर- 56 से शुरु होगा मेट्रो कॉरिडोर
ये मेट्रो कॉरिडोर सेक्टर-56 से शुरू होकर सेक्टर-61, 65, 66, 50, 49, खेड़कीदौला, ग्लोबल सिटी, न्यू गुरुग्राम (सेक्टर-84, 86, 90) और IMT मानेसर होते हुए पचगांव तक जाएगा।
RRTS, रैपिड मेट्रो और ऑर्बिटल रेल से जुड़ेगा कॉरिडोर
मिली जानकारी के अनुसार इस मेट्रो कॉरिडोर को RRTS, रैपिड मेट्रो और ऑर्बिटल रेल से जोड़ने की भी तैयारी है। सेक्टर-56 में रैपिड मेट्रो स्टेशन के साथ इसका सीधा इंटरचेंज होगा। यात्री बिना बाहर निकले सीधे नई मेट्रो से रैपिड मेट्रो बदल सकेंगे। वहीं पचगांव चौक एक मुख्य जंक्शन बनेगा, जहां यह दिल्ली-अलवर Regional Rapid Transit System (RRTS) से जुड़ेगा।
साथ ही पचगांव में इस Metro कॉरिडोर को हरियाणा ऑर्बिटल रेल कॉरिडोर नेटवर्क से भी इंटीग्रेट किया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को अगले 15-20 वर्षों की आबादी और औद्योगिक विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा है। इससे दिल्ली-जयपुर हाईवे पर जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है और लोगों का सफर बेहद आसान हो जाएगा।

