हरियाणा के रोहतक से सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 20 साल के बेटे ने अपनी मां की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा थाने पहुंचा और पुलिस से कहां कि उसने अपनी मां को मार दिया और वह लाश देखकर आएं।
आरोपी की ये बातें सुनकर पुलिसवालों के भी होश उड़ गए। पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। वहां महिला की लाश पड़ी हुई थी। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
क्या है मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार ये मामला रोहतक के गांव ब्राह्मणवास का है। मृतक महिला की पहचान 40 वर्षीय पिंकी के रूप में हुई है। साल 2002 में ब्राह्मणवास गांव के रहने वाले देवेंद्र सिंह की शादी पानीपत के बांध गांव की रहने वाली पिंकी के साथ हुई थी। शादी के बाद दोनों के तीन बच्चे एक बेटा और 2 बेटियां हुई। पिंकी का पति देवेंद्र सिंह गुजरात की एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है।
गांव में अकेले रहती थी मृतका
पिंकी पिछले काफी समय से ब्राह्मणवास गांव में अकेली रहती थी। पिंकी का 20 साल का बेटा प्रिंस और दो बेटियां सोनीपत में अपने दादा-दादी के पास रहते हैं।
बेटे ने चुन्नी से गला घोटकर उतारा मौत के घाट
बताया जा रहा है कि मृतका का बेटा प्रिंस हर रविवार को अपनी मां से मिलने गांव आता था। आज 6 सितंबर को भी वह गांव आया। लेकिन मां- बेटे में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
इसके बाद प्रिंस ने मां की छाती पर बैठकर चुन्नी से उसका गला घोंटा और उसे मौत के घाट उतार दिया। हत्या के बाद आरोपी सदर थाने पहुंचा और उसने पुलिसकर्मियों से कहा, ‘मैंने मां को मार दिया है, जाकर देख लो।’
महिला के पिता ने दामाद और उसके बेटे पर लगाया आरोप
सूचना मिलते ही पुलिस टीम गांव पहुंची। वहां घर के आंगन में महिला का शव पड़ा था। पुलिस ने डेडबॉडी कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में मृतका के पिता ने अपने दामाद देवेंद्र और उसके बेटे प्रिंस के खिलाफ शिकायत दी है और आरोप लगाया है कि देवेंद्र ने ही प्रिंस को भेजकर पिंकी की हत्या कराई है।
फिलहाल आरोपी प्रिंस सदर थाना पुलिस की हिरासत में है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। प्राथमिक जांच में मकान को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। हालांकि अभी तक हत्या के कारणों खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस आरोपी से पुछताछ में जुटी हुई है।

