Kal Ka Mausam: पूरे देश में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। दक्षिण से लेकर उत्तर भारत के राज्यों में लगातार झमाझम बारिश हो रही है। भारी बारिश की वजह से नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है और लोगों की परेशानियां भी अब बढ़ने लगी है। मौसम विभाग ने कल 10 सितंबर को भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी जारी कर दी है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (India Meteorological Department) के अनुसार उत्तरी बंगाल की खाड़ी और उसके आस-पास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है और इसके कारण, 9 से 11 सितंबर के दौरान ओडिशा में भारी से बहुत भारी बारिश और 10 सितंबर को कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने की संभावना है।
इसके अलावा, 9 से 11 तारीख के दौरान गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल में, 10 से 13 तारीख के दौरान छत्तीसगढ़ में, 10 और 11 तारीख को तटीय आंध्र प्रदेश में, 10 से 13 सितंबर के दौरान तेलंगाना में और 11 व 12 सितंबर, 2026 को मध्य प्रदेश में भी कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है।
कल इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कल 23 राज्यों में तूफानी और मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, असम, नगालैंड, त्रिपुरा और मिजोरम शामिल हैं। इन सभी राज्यों में बारिश के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी भी जारी की है। यहां 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

