हरियाणा में पिछले दिनों लाखों उपभोक्ताओं के राशन कार्ड काट दिये गए थे। परिवार पहचान पत्र की खामियों के चलते ऐसे हजारों लोगों के राशन कार्ड कट गए थे जिनके पास ना तो जमीन है और ना ही वाहन… लेकिन उनके परिवार पहचान पत्र में इस प्रकार से जमीन, खातों में लेनदेन या फिर दोपहिया या चार पहिया वाहन दिखा दिया जिससे उनकी इनकम ज्यादा दिखाई देने लगी और ऑटोमैटिक ही राशन कार्ड कट गए।
अब इन तकनीकी खामियों को ठीक करने के बाद फिर से कटे हुए राशन कार्डों को जोड़ने की प्रक्रिया शुरु हो गई है। इस प्रक्रिया से अब लाखों लोगों को फायदा होगा जो अपने राशन कार्ड जुड़वाने के लिए दफ्तरों के धक्के खा रहे थे।
खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इसके निर्देश जारी किए हैं। इसमें राशन कार्ड की बहाली के लिए 2.5 एकड़ से अधिक कृषि भूमि न होने व 4 पहिया वाहन न होने का अनापत्ति प्रमाण-पत्र देने के आदेश दिए गए हैं। इस अनापत्ति पत्र को सक्षम राजस्व अधिकारी के माध्यम से सत्यापित करवाकर देना होगा।

