राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे गुरुग्राम के सोहना क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां बढ़ती आबादी के साथ सीवरेज व्यवस्था पर बढ़ते दबाव को देखते हुए जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग द्वारा सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) की क्षमता बढ़ाने की योजना बनाई गई है।
13 करोड़ रूपए होंगे खर्च
इसके लिए विभाग की ओर से करीब 13 करोड़ रुपए खर्च कर गांव जखोपुर में स्थित मौजूदा STP परिसर में 7 एमएलडी क्षमता का नया STP बनाया जाएगा।विभाग ने निर्माण कार्य से संबंधित डिटेल्ड नोटिस इनवाइटिंग टेंडर (डीएनआईटी) मंजूरी के लिए सरकार को भेज दी है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नया प्लांट तैयार होने के बाद सोहना क्षेत्र में सीवरेज के पानी के शोधन की क्षमता वर्तमान छह एमएलडी से बढ़कर करीब 13 एमएलडी हो जाएगी। विभाग द्वारा सोहना क्षेत्र में नए आवासीय क्षेत्रों के विकसित होने से बढ़ते सीवरेज दबाव को देखते हुए मौजूदा STP की क्षमता में बढ़ोतरी करने का फैसला लिया है।
जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के जेई खुर्शीद ने बताया कि कि सोहना क्षेत्र में आबादी बढ़ने के कारण मौजूदा STP की क्षमता कम पड़ रही है। ऐसे में सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 7 एमएलडी क्षमता का नया STP बनाने की योजना तैयार की गई है।

