हरियाणा में बुजुर्गों और दिव्यांगों की सामाजिक सुरक्षा पेंशन तथा दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना की 11वीं किस्त जारी कर दी गई है। इसके अलावा गृहिणियों को गैस सब्सिडी, किसानों को भावांतर भरपाई तथा दयालु योजना के लाभार्थियों को आर्थिक सहायता भी जारी की गई है। उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की सात योजनाओं के तहत लाभार्थियों को 311 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि बैंक खातों में डाली गई है।
महिला लाभार्थियों को 19.68 करोड़ रुपये की गैस सब्सिडी
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने ‘हर घर-हर गृहिणी योजना’ के तहत जुलाई माह में गैस सिलेंडर रिफिल करवाने वाली 5 लाख लाभार्थियों के बैंक खातों में आज 19 करोड़ 68 लाख रुपये की सब्सिडी राशि ट्रांसफर की है। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। आज जारी राशि को मिलाकर अब तक 14 लाख 65 हजार पात्र बहनों के बैंक खातों में कुल 359 करोड़ 82 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है।
किसानों को भावांतर भरपाई योजना की सौगात
भावांतर भरपाई योजना के तहत आलू, फूल गोभी और शहद की खेती करने वाले 6,177 किसानों को 49 करोड़ 89 लाख रुपये की भावांतर राशि जारी की गई है।आलू की भावांतर राशि अंबाला, करनाल, कुरुक्षेत्र, पानीपत, यमुनानगर और पंचकुला जिलों के सब्जी उत्पादक किसानों को जारी की गई है। फूल गोभी की राशि अंबाला, कुरुक्षेत्र और यमुनानगर जिलों के किसानों को दी गई है। वहीं, शहद की राशि अंबाला, भिवानी, फतेहाबाद, गुरुग्राम, हिसार, झज्जर, जींद, कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, नारनौल, रेवाड़ी, रोहतक, सिरसा और यमुनानगर जिलों के मधुमक्खी पालकों को जारी की गई है।

