वॉयस ऑफ पानीपत (कुलवंत सिंह ) – 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा के शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित संचालन को लेकर पानीपत पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। हरिद्वार (उत्तराखंड) से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं की भारी आवाजाही को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने व्यापक एवं पुख्ता सुरक्षा प्रबंध किए हैं। पानीपत उत्तर प्रदेश की सीमा से सटा होने के कारण हरियाणा के विभिन्न जिलों के अलावा राजस्थान के लाखों कांवड़िए भी जिले से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। इसे देखते हुए यात्रा मार्गों, प्रमुख नाकों एवं कांवड़ शिविर स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है।
पानीपत के एसपी भूपेंद्र सिंह ने कांवड़ यात्रा के सफल एवं सुरक्षित संचालन के लिए एएसपी हर्षित गोयल को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि यात्रा शुरू होने से पूर्व सभी सुरक्षा व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। 30 जुलाई से कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक पुलिस कर्मियों की छुट्टियों पर प्रतिबंध रहेगा, ताकि पर्याप्त पुलिस बल उपलब्ध रह सके। अधिकारियों की निगरानी में चौबीसों घंटे पुलिस गश्त सुनिश्चित की जाएगी। कांवड़ियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए यात्रा मार्ग पर सैंडबैग एवं रस्सों के माध्यम से अलग लेन बनाई जाएगी तथा यात्रा मार्ग पर स्थित मांस की दुकानें नियमानुसार बंद रहेंगी।
SP ने सभी थाना प्रबंधकों एवं चौकी प्रभारियों को कांवड़ सेवा समितियों और आयोजकों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं। सभी कांवड़ियों एवं आयोजकों को पहचान पत्र साथ रखना होगा। कांवड़ सेवा शिविर केवल प्रशासन की अनुमति के बाद ही लगाए जाएंगे तथा निर्धारित सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। शिविरों के पंडाल मुख्य सड़क से कम से कम 50 फीट अंदर लगाए जाएंगे, पार्किंग की व्यवस्था भी सड़क से दूर होगी तथा शिविरों में पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे और महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करनी होगी।
कांवड़ यात्रा के दौरान लाठी, डंडे, त्रिशूल, भाले अथवा अन्य नुकीले हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही ध्वनि प्रदूषण को लेकर माननीय सर्वोच्च न्यायालय एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। सनौली रोड, चांदनी बाग (चोटाला) रोड, गोहाना रोड, असंध रोड सहित जिले के सभी कांवड़ यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। प्रमुख चौक-चौराहों पर बैरिकेडिंग की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के चरम के दौरान सनौली रोड पर आवश्यकतानुसार यातायात डायवर्जन लागू किया जाएगा।

SP भूपेंद्र सिंह ने कहा कि कांवड़ियों को सुरक्षित, सुगम एवं निर्बाध यात्रा मार्ग उपलब्ध कराना तथा उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांवड़ यात्रा के दौरान शरारती एवं असामाजिक तत्वों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी तथा वर्दी के साथ-साथ सादे कपड़ों में भी पुलिस कर्मियों की तैनाती की जाएगी। पानीपत पुलिस का उद्देश्य कांवड़ यात्रा को पूर्णतः शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना है, ताकि सभी श्रद्धालु बिना किसी बाधा के अपनी धार्मिक यात्रा पूर्ण कर सकें।
TEAM VOICE OF PANIPAT

