September 14, 2026
Voice Of Panipat
ACCIDENT

हरियाणा के पंचकूला में बड़ा सड़क हादसा, युवती समेत 3 की मौत, दो घायल

Haryana News: पंचकूला-यमुनानगर नेशनल हाईवे पर मौली क्षेत्र के पास गांव टाबर के नजदीक सोमवार को एक बड़ा दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक स्विफ्ट कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस हादसे में स्विफ्ट कार में सवार एक युवती और दो युवको की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद सेक्टर-32 चंडीगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में चार युवक और एक युवती सवार थे। मौली क्षेत्र के पास गांव टाबर के नजदीक उनकी गाड़ी को किसी अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही मौली चौकी प्रभारी रामकरण और जांच अधिकारी सुनील कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने कार में फंसे घायलों और मृतकों को बाहर निकाला और सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस के अनुसार, मृतकों में एक युवती की पहचान शहजादपुर की रहने वाली दिव्या के रूप में हुई है, जो मोहाली में एक निजी कंपनी में नौकरी करती थी। लेकिन अभी अन्य 2 मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है।

वहीं घायलों में डेराबस्सी निवासी पुष्कर को सेक्टर-32 चंडीगढ़ रेफर किया गया है। एक अन्य घायल अमित कुमार को कार से बाहर निकालते समय पैर में शीशा लगने से चोट आई है। दोनों घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

फिलहाल पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी सुनील कुमार ने बताया कि अभी घायलों का उपचार चल रहा है। घायलों के बयान दर्ज होने के बाद मामले में आगामी कार्रवाई और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा।

Related posts

सोनीपत:- कावड़ लेकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत..1 घायल

Voice of Panipat

कैथल: हरिद्वार से सिरसा जा रहे कावड़ियों से भरी पिकअप पेड़ से टकराई

Voice of Panipat

कोठी मे घुस गए 2 नाबालिग, अलमारी मे छिपे, तो लोगो ने पकड़कर की धुनाई

Voice of Panipat

Leave a Comment