Haryana Jobs: हरियाणा में पूर्व सैनिकों के लिए रोजगार का अवसर सामने आया है। राजकीय रेलवे पुलिस (GRP), हरियाणा ने विशेष पुलिस अधिकारी (SPO) के 158 रिक्त पदों पर भर्ती का कार्यक्रम जारी किया है। भर्ती प्रक्रिया 17, 18 और 19 अगस्त 2026 को सुबह 9 बजे से राजकीय रेलवे पुलिस लाइन, अंबाला छावनी में आयोजित की जाएगी।
इन पदों पर हरियाणा राज्य औद्योगिक सुरक्षा बल (HSISF) से हटाए गए पात्र भूतपूर्व सिपाहियों और हरियाणा के सेवानिवृत्त सैनिकों को एक वर्ष की अवधि के लिए अनुबंध आधार पर नियुक्त किया जाएगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
भर्ती में शामिल होने के लिए अभ्यर्थी की आयु 25 से 50 वर्ष के बीच होनी चाहिए। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 12वीं पास निर्धारित की गई है।
इसके अलावा अभ्यर्थी को अनुशासनहीनता, कदाचार या चिकित्सा कारणों से सेवा से हटाया गया नहीं होना चाहिए। पात्रता संबंधी अन्य शर्तों को पूरा करने वाले पूर्व सैनिक और पात्र भूतपूर्व सिपाही निर्धारित तिथि पर भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
तीन दिन में होगी जिलेवार भर्ती
पुलिस अधीक्षक, रेलवे, हरियाणा, अंबाला छावनी की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार भर्ती प्रक्रिया थानों के आधार पर तीन दिनों में पूरी की जाएगी।
17 अगस्त: कालका, चंडीगढ़, अंबाला कैंट, जगाधरी, कुरुक्षेत्र और करनाल जीआरपी थानों से संबंधित अभ्यर्थी।
18 अगस्त: पानीपत, सोनीपत, फरीदाबाद और गुरुग्राम जीआरपी थानों से संबंधित अभ्यर्थी।
19 अगस्त: रेवाड़ी, रोहतक, बहादुरगढ़, जींद, हिसार और सिरसा जीआरपी थानों से संबंधित अभ्यर्थी।
सभी अभ्यर्थियों को अपनी निर्धारित तिथि पर सुबह 9 बजे राजकीय रेलवे पुलिस लाइन, अंबाला छावनी में उपस्थित होना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि सुबह 9 बजे के बाद पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं किया जाएगा।
इन दस्तावेजों के साथ पहुंचना जरूरी
HSISF से हटाए जाने का प्रमाण-पत्र अथवा सेवानिवृत्त सैनिक होने का प्रमाण-पत्र
डिस्चार्ज बुक
चार पासपोर्ट साइज फोटो
आयु प्रमाण-पत्र
चरित्र प्रमाण-पत्र
शैक्षणिक योग्यता के प्रमाण-पत्र
अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र
एक साल के अनुबंध पर होगी नियुक्ति
SPO के पद पर चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति एक वर्ष के अनुबंध आधार पर होगी। निर्धारित मासिक मानदेय सीधे अभ्यर्थी के बैंक खाते में जमा कराया जाएगा।
इसके अलावा वर्दी, जूते आदि के लिए 3,000 रुपये एकमुश्त दिए जाएंगे। सरकारी यात्रा पर 150 रुपये प्रतिदिन का भुगतान भी किया जाएगा। नियमों के अनुसार आकस्मिक अवकाश की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
गृह थाने में नहीं मिलेगी तैनाती
चयनित विशेष पुलिस अधिकारियों को उनके गृह थाने में तैनात नहीं किया जाएगा। विभाग की ओर से यथासंभव उन्हें उनके गृह क्षेत्र के नजदीकी थाने में ड्यूटी देने का प्रयास किया जाएगा। हालांकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें किसी अन्य जिले में भी तैनात किया जा सकता है।
अनुशासनहीनता पर बिना नोटिस खत्म हो सकती है सेवा
विभाग ने स्पष्ट किया है कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता पाए जाने पर SPO की सेवा बिना नोटिस समाप्त की जा सकती है।

