Haryana की भाविका सैनी ने प्रदेश नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। वरिष्ठ पत्रकार मनवीर सैनी की बेटी भाविका सैनी का चयन ब्रिटेन के प्रतिष्ठित Centre for Doctoral Training (CDT) के लिए हुआ है। यह चार वर्षीय संरचित पीएचडी कार्यक्रम मुख्य रूप से UK Research and Innovation (UKRI) द्वारा वित्त पोषित है।
भाविका PM2.5 और वायु प्रदूषण के क्षेत्र में शोध करेगी। इस दौरान उन्हें University of Birmingham और University of Bristol से जुड़े प्रतिष्ठित एवं ख्यातिप्राप्त शोधकर्ताओं के मार्गदर्शन में काम करने का अवसर मिलेगा। उसका शोध आज के समय में मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण की दृष्टि से बेहद महत्वपूर्ण है।
इस उपलब्धि को और खास बनाता है यह तथ्य कि CDT द्वारा चयनित 20 शोधकर्ताओं के समूह में भाविका सबसे कम उम्र की शोधार्थी है और पूरे दक्षिण एशिया, भारत तथा हरियाणा से चयनित एकमात्र शोधार्थी है। उनकी जड़ें हरियाणा के रोहतक से जुड़ी हैं।
मेधावी छात्रा रही भाविका ने इसी वर्ष जुलाई में प्रतिष्ठित IISER भोपाल से Earth and Environmental Sciences में BS-MS की डिग्री हासिल की। इसके अलावा उसने National Institute of Oceanography, Goa में समुद्री जीवन पर विशेष अध्ययन भी किया है और अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए छात्रवृत्ति प्राप्त की है।
शुक्रवार को भाविका बर्मिंघम पहुंच गई है और सोमवार से उनके जीवन के इस नए, रोमांचक और महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत हो रही है। भाविका सैनी की इस बड़ी उपलब्धि पर उनके पूरे गांव और परिवार में खुशी का माहौल है।

