हरियाणा के कई जिलों में गाय- भैंस का दूध और घी महंगा हो गया है। हिसार, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के बाद नारनौल में भी पशुपालकों ने पंचायत कर दूध- घी के नए रेट तय कर दिए हैं।
यहां हाल ही में दूध के दाम बढ़ाने को लेकर फैजलीपुर (कादीपुर) गांव में पंचायत हुई। जिसके बाद सभी पशुपालकों ने भैंस का दूध 80 रुपए और गाय का दूध 60 रुपए प्रति लीटर बेचने का फैसला किया है।
इसके अलावा गाय और भैंस के घी का भाव भी बढ़ गया है। अब यहां भैंस का देसी घी 1,500 रुपए और गाय का घी 2,000 रुपए प्रति किलोग्राम पर बेचा जाएगा। अगर पशुपालक इस तय रेट से कम में दूध और घी बेचता हुआ पाया गया तो उस पर 11 हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा। ये नए रेट 5 सितंबर 2026 से पूरे गांव में लागू भी हो चुके है।
अब तक इन 5 जिलों के गांव में महंगा हुआ दूध और घी
बता दें कि अब तक हरियाणा के हिसार समेत कई जिलों में दूध और घी के नए रेट तय हो चुके है। हिसार के राजथल गांव से ये मुहिम शुरू हुई। यहां भैंस का दूध 100 और गाय का दूध 80 रुपये लीटर हो गया है। वहीं गाय का देसी घी 1,500–2,500/kg करने का फैसला किया गया है।
जींद के जुलाना, सिरसा खेड़ी और करसोला समेत कई जगहों पर भी दूध और घी के रेट बढ़ाने के लिए पंचायते हुई। जिसके बाद इन गांवों में भैंस का दूध 100 रुपये और गाय का 80 रुपये प्रति लीटर तय किया गया है।
कुरुक्षेत्र के गांव बरना में दूध और घी के दाम बढ़ गए है। इसको लेकर कुरुक्षेत्र डेयरी फार्मर एसोसिएशन ने वीटा प्लांट मैनेजर और DC को ज्ञापन दिया। वहीं कैथल के पाई गांव में पशुपालकों की बैठक हो चुकी है, जिसमें दूध और घी के रेट बढ़ाने का निर्णय लिया गया और 21 सदस्यीय कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा रोहतक में भी गांव स्तर पर डेयरी किसानों ने रेट बढ़ाने को लेकर बैठक की और दूध घी के नए रेट तय कर दिए है। वहीं अब नारनौल में भी भैंस- गाय का दूध और घी महंगा हो गया है।

