हरियाणा में आज 15 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इनमें पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में मूसलाधार बारिश हो सकती है। इसके अलावा पश्चिमी और मध्य जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद व रोहतक में मौसम परिवर्तनशील रहेगा। कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी या हल्की बारिश का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार मानसून टर्फ रेखा श्री गंगानगर, रोहतक, फतेहगढ़ से बंगाल की खाड़ी तक फैली हुई है। इसके प्रभाव से 5 से 7 सितंबर तक प्रदेश के कई क्षेत्रों में हवाओं के साथ बारिश दर्ज की जाएगी।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के कृषि मौसम विज्ञान के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, राज्य में बादलवाही के साथ उत्तरी और दक्षिणी जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रहेगी। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की गिरावट और रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की उम्मीद है। 8 सितंबर से मानसून की सक्रियता में फिर से कमी आने की संभावना है। किसान फसलों में किसी भी प्रकार की सिंचाई या कीटनाशक छिड़काव को बारिश का दौर थमने तक स्थगित रखें और खेतों में जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

