हरियाणा के हिसार शहर से ट्रैफिक जाम की जकड़न दूर करने की योजना बनाई गई है। यहां शहर के सबसे पुराने और बिजी लक्ष्मीबाई चौक के पास रेलवे ओवरब्रिज को अब फोरलेन नहीं बल्कि सिक्स लेन बनाया जाएगा। इससे शहर को आने वाले समय में 50 सालों तक ट्रैफिक जाम से छुटकारा मिलेगा। यह प्रोजेक्ट केवल एक रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण नहीं बल्कि हिसार के भविष्य का सबसे बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर लैंडमार्क बनेगा।
इस मेगा प्रोजेक्ट की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि एक ही ROB संरचना में तीन आधुनिक व्हीकल अंडरपास का निर्माण किया जाएगा जिससे किसी भी दिशा में आवागमन करने वाले वाहनों का संचालन सुचारू रूप से जारी रहेगा। इस प्रोजेक्ट के धरातल पर उतरने के बाद वाहन बिना किसी रूकावट के आसानी से IG चौक से परिजात चौक तक निकल सकेंगे।
सिक्स लेन निर्माण की वजह
दरअसल, टाउन पार्क से लक्ष्मीबाई चौक तथा बीकानेर चौक से बस स्टैंड तथा सिरसा चुंगी तक मौजूदा सड़क मार्ग को सिक्स लेन बनाया जा रहा है। ऐसे में बीच का यह रेलवे ओवरब्रिज फोरलेन रखना व्यवहारिक नहीं था। लक्ष्मीबाई चौक से रेलवे ओवरब्रिज तक का पूरा कॉरिडोर सिक्स लेन बनने से यह क्षेत्र एक “हाई कैपेसिटी ट्रैफिक कॉरिडोर” में तब्दील हो जाएगा।
बता दें कि साल 1975 में बना यह रेलवे ओवरब्रिज शहर का पहला फोरलेन पुल हैं। यहां से ट्रेनों को आवागमन के दौरान अपनी रफ़्तार घटाकर 15-30 किलोमीटर करनी पड़ती है। रेलवे के आधुनिकीकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन को ध्यान में रखते हुए इस ओवरब्रिज की लंबाई और चौड़ाई दोनों बढ़ाई जा रही है।
लोक निर्माण विभाग के मंत्री रणबीर गंगवा के निर्देशों के बाद PWD और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय मंथन चल रहा है। इस प्रोजेक्ट के पूरा होने पर शहर में व्यापार, उद्योग, निवेश और कनेक्टिविटी को जबरदस्त बढ़ावा मिलेगा।

