राजस्थान के जैसलमेर में हर साल भाद्रपद महीने में बाबा रामदेवरा धाम (रूणिचा धाम) पर आयोजित होने वाले विशाल मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। बता दें कि इस मेले में हर साल हरियाणा सहित कई अन्य राज्यों से लाखों की संख्या में श्रद्धालु उमड़ते हैं। इन लोगों के सफर को आरामदायक बनाने के लिए स्पेशल ट्रेन सहित हरियाणा रोडवेज विभाग द्वारा स्पेशल बसों का संचालन किया जा रहा है। इसी कड़ी में सिरसा डिपो द्वारा भी रूणिचा धाम के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा प्रदान की गई है।
यह रहेगा शेड्यूल
सिरसा रोडवेज डिपो के एक अधिकारी ने बताया कि यह बस 11 सितंबर यानी आज से ही शुरू हो रही है। यह बस सिरसा बस स्टैंड से शाम को साढ़े 4 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3 बजे रूणिचा धाम पहुंचेगी। ऐसे ही श्रद्धालु इस बस बस से जाकर धाम में धोक लगाने व बाबा रामदेव के दर्शन कर वापस अगले दिन शाम को इसी बस से वापस आ सकेंगे। इस बस में एडवांस बुकिंग की कोई सुविधा नहीं है।
यह बस सिरसा से वाया चौपटा, नोहर, रावतसर, पल्लू, अर्जुनसर, रोयरी, फलौदी, रामदेवरा और बीकानेर व पोकरण होते हुए रूणिचा धाम पहुंचेगी। चौपटा व नोहर से भी श्रद्धालुओं की संख्या काफी होती है। इसके चलते अन्य यात्रियों को भी फायदा होगा और उनको अतिरिक्त बस सेवा का लाभ मिल सकेगा। इससे पहले पोकरण वाली बस सेवा पहले से जारी है।

