हरियाणा के हांसी में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लालपुरा मोड़ के पास दो कार आपस में टकराई और इस हादसे में प्रापर्टी डीलर की मौत हो गई। वहीं उसका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार ये हादसा हांसी में हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर लालपुरा मोड़ के पास हुआ। मृतक की पहचान हांसी निवासी बलदेव चुख के तौर पर हुई है। बलदेव चुघ प्रॉपर्टी डीलर था। वहीं इस हादसे में उसका बेटा वरुण घायल हो गया।
तेज रफ्तार कार से टकराई दूसरी कार
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार देर शाम बलदेव चुघ अपने बेटे वरुण के साथ लालपुरा की तरफ से आ रहे थे। जैसे ही उन्होंने अपनी कार को हिसार की तरफ मोड़ा, तभी दिल्ली की ओर से आ रही तेज रफ्तार एंडेवर कार से उनकी टक्कर हो गई।
हादसे में प्रॉपर्टी डीलर की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि एंडेवर कार का अगला हिस्सा बलदेव की कार के अंदर घुस गया। इसके बाद दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त होकर सड़क से नीचे खेत में जा गिरी।
इस हादसे में बलदेव चुघ और उनका बेटा वरुण घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए हांसी के सामान्य अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने बलदेव चुघ को मृत घोषित कर दिया। वहीं वरुण का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि एंडेवर कार में सवार लोग नोएडा के रहने वाले थे। उन्हें मामूली चोटें आई है और उनका हिसार के अस्पताल में इलाज चल रहा है। फिलहाल इस मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आज सोमवार को प्रॉपर्टी डीलर बलदेव के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंपा जाएगा। पुलिस का कहना है कि जांच पड़ताल के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

