कल का मौसम 13 सितंबर 2026: देश के अलग- अलग राज्यों में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। सितंबर के अंत तक मानसून की विदाई की संभावना है। लेकिन देश के कई हिस्सों में मानसून जाते- जाते रौद्र रूप दिखा रहा है।
इस वजह से भारी बारिश हो रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने कल 13 सितंबर 2026 को भी हरियाणा- पंजाब समेत 25 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान 80 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की भी संभावना है।
इन राज्यों में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी
मौसम विभाग ने कल यानी 13 सितंबर को देश के 25 राज्यों हरियाणा, पंजाब, राजस्थान,यूपी, बिहार, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, मेघालय, त्रिपुरा, नागालैंड, मणिपुर, केरल, तेलंगाना और तमिलनाडु में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग का ताजा अपडेट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक दक्षिण छत्तीसगढ़ और आस-पास के इलाकों में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण, 12 और 13 तारीख को तटीय आंध्र प्रदेश, विदर्भ, मराठवाड़ा, तेलंगाना, मध्य महाराष्ट्र और कोंकण में, 12 से 14 तारीख के दौरान पश्चिमी मध्य प्रदेश में बारिश हो सकती है।
साथ ही, 12 तारीख को विदर्भ, मराठवाड़ा और तेलंगाना में और 13 सितंबर को पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
वहीं 12 से 14 तारीख के दौरान गुजरात क्षेत्र में और 13 व 14 तारीख को सौराष्ट्र और कच्छ में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, 13 सितंबर 2026 को गुजरात क्षेत्र में कहीं-कहीं बहुत ज़्यादा भारी बारिश होने की भी संभावना है।

