राजस्थान के सीकर स्थित विश्व प्रसिद्ध खाटूश्याम मंदिर से जुड़ी एक जरूरी खबर सामने आई है। यदि आप भी आने वाले दिनों में हारे के सहारे बाबा श्याम के दर्शन करने की योजना बना रहे हैं तो एक बार इस खबर को ध्यान से पढ़ लें अन्यथा बेवजह की परेशानी झेलनी पड़ सकती है। श्री श्याम मंदिर कमेटी की ओर से 19 घंटे मंदिर के कपाट बंद रहने की सूचना दी गई है।
मंदिर कमेटी ने दी सूचना
सभी श्याम भक्तों से अपील की जाती है कि दिनांक 17.09.2026 (गुरुवार) को श्री श्याम प्रभू की विशेष सेवा-पूजा व तिलक होने के कारण श्री श्याम प्रभू के दर्शन दिनांक 16.09.2026 को रात्रि 10.00 बजे से दिनांक 17.09. 2026 को सांय 5 बजे तक आम दर्शनार्थ बंद रहेंगे। अत: इस अवधि उपरान्त ही दर्शन हेतु पधारें। कृपया व्यवस्थाओं में अपना सहयोग प्रदान करें।
श्री श्याम मंदिर कमेटी ने बताया कि मंदिर की परंपरा के तहत बाबा श्याम का विशेष तिलक श्रृंगार किया जाता है। इस धार्मिक प्रक्रिया में काफी समय लगता है और इसे विधि-विधान के साथ पूरा किया जाता है। इस दौरान बाबा श्याम के मस्तक पर चंदन का लेप लगाया जाता है और मंत्रोच्चार के साथ विशेष पूजा-अर्चना की जाती हैं। इस पूरी प्रक्रिया में मंदिर के सेवादार और पुजारी ही शामिल होते हैं।

