देश के कई हिस्सों में मानसून कहर बरपा रहा है। पहाड़ो से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक झमाझम बारिश हो रही है। कई राज्यों में लगातार हो रही बारिश की वजह से हालात बिगड़ गए है और जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है।
इसी बीच मौसम विभाग ने एक और बड़ा अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने कल 7 सितंबर को भी कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी दी है। इन राज्यों में बारिश के साथ ही आंधी तूफान चलने की भी संभावना है।
कल इन राज्यों में होगी भारी बारिश ?
कल 7 सितंबर को देश के 22 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में हरियाणा, पंजाब, यूपी, बिहार, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, त्रिपुरा और मेघालय शामिल है।
मौसम विभाग ने इन सभी राज्यों में भारी बारिश-आंधी की चेतावनी जारी की है। इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवा के झोंके चलेंगे। वहीं पूर्वी राज्यों में आकाशीय बिजली और वज्रपात का रौद्र रूप देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है।
दिल्ली में कल होगी झमाझम बारिश
मौसम विभाग ने देश की राजधानी दिल्ली में 7 सितंबर को बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक कल दिल्ली में मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है।
पंजाब में भारी बारिश की चेतावनी
पंजाब में कल 7 सितंबर को बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की गई है। यहां कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, लुधियाना, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बरनाला और बठिंडा में भारी बारिश होने की संभावना है। इस दौरान 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा के झोंके चलेंगे।
उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम ?
मौसम विभाग ने कल 7 सितंबर को उत्तराखंड के पिथौरागढ़, चमोली, नैनीताल, ऋषिकेश, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, अल्मोड़ा और हरिद्वार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं हिमाचल में भी 7 और 8 सितंबर को भारी बारिश की संभावना है। इसलिए यहां मंडी, चंबा, ऊना, किन्नौर, कांगड़ा, कुल्लू, सोलन, बिलासपुर और हमीरपुर में अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलो में भारी बारिश के साथ तेज आंधी चल सकती है।

