अंबाला कैंट क्षेत्र के लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। इस क्षेत्र को पूरी तरह से खुली नाली मुक्त बनाने के लिए परिवहन मंत्री अनिल विज द्वारा लगभग 58 करोड़ रुपये की लागत वाली स्ट्रॉम वॉटर ड्रेनेज पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ किया गया है।
बदबूदार पानी से मिलेगी राहत
अनिल विज ने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने पर एकता विहार चौक के नजदीक बसी लगभग 40 से अधिक कॉलोनी के निवासियों को जलभराव और बदबूदार पानी की समस्या से छुटकारा मिलेगा। इस मौके पर उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारी को निर्देश देते हुए कहा कि लालकुर्ती, बीसी बाजार, आउटर लार्ज रोड और एकता विहार क्षेत्र में तेजी से काम पूरा करने के लिए 3 से 4 अलग-अलग टीमों का गठन किया जाए।
इसके साथ ही उन्होंने नालियों के लेवल सही करने के भी निर्देश दिए।उन्होंने बताया कि जगाधरी रोड से डिफेंस कॉलोनी की ओर भी यह लाइन बिछाई जाएगी। इससे अंबाला कैंट क्षेत्र पूरी तरह से नाली मुक्त हो जाएगा।
जल्द शुरू होगा कार्य
मंत्री विज ने एक और बड़ी सौगात देते हुए कहा कि महेश नगर ड्रेन के शेष हिस्से को पक्का करने के लिए 22 करोड़ रुपये मंजूर हो चुके हैं और कार्य भी अलॉट कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इसका डिजाइन IIT रूड़की द्वारा तैयार किया गया है ताकि भविष्य में मशीनों के जरिये ड्रेन की सफाई सुगमता से हो सके। यह काम बरसाती सीजन समाप्त होते ही शुरू कर दिया जाएगा।

