August 10, 2026
Voice Of Panipat
HaryanaHaryana News

Haryana: हरियाणा में रानियां थाना एक बार फिर चर्चा में, 9 महीनों में चौथी बार बदला थाना प्रभारी

Haryana News: हरियाणा में सिरसा जिले के रानियां थाना में एक बार फिर थाना प्रभारी का तबादला हुआ है। इंस्पेक्टर संतोष कुमार का तबादला कर उन्हें सिरसा सिटी थाना का प्रभारी बनाया गया है, जबकि उनकी जगह सब इंस्पेक्टर रामकुमार को रानियां थाना का नया एसएचओ नियुक्त किया गया है।

रानियां थाना में पिछले नौ महीनों के भीतर यह चौथी बार थाना प्रभारी बदला गया है। क्षेत्र में लगातार नशे से हो रही मौतों को इन लगातार तबादलों का प्रमुख कारण माना जा रहा है।

करीब आठ महीने पहले ओटू गांव में नशे के कारण दो युवकों की मौत के बाद तत्कालीन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर दिनेश कुमार को निलंबित कर दिया गया था। इसी घटना के बाद सिरसा के तत्कालीन पुलिस अधीक्षक (एसपी) का भी तबादला हुआ था। दिनेश कुमार का रानियां थाना में लगभग दो वर्ष का कार्यकाल रहा।

इसके बाद पीएसआई गुरनमिंदर सिंह को थाना प्रभारी बनाया गया। उनका कार्यकाल सात महीने चार दिन का रहा। संतनगर में एक युवक की नशे से मौत के मामले के बाद उन्हें भी निलंबित कर दिया गया।

गुरनमिंदर सिंह के बाद पीएसआई सुखबीर सिंह को रानियां थाना का प्रभारी नियुक्त किया गया, लेकिन उनका कार्यकाल केवल 26 दिन ही चला। पारिवारिक विवाद से जुड़े मामलों और व्यवहार संबंधी शिकायतों के चलते उन्हें लाइन हाजिर कर दिया गया।

इसके बाद गुरुग्राम से तबादला होकर सिरसा आए इंस्पेक्टर संतोष कुमार को रानियां थाना की कमान सौंपी गई। हालांकि उनका कार्यकाल भी काफी छोटा रहा। 4 अगस्त को जारी तबादला सूची में उन्हें सिरसा सिटी थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया गया, जबकि हाल ही में फतेहाबाद से सिरसा आए सब इंस्पेक्टर रामकुमार को रानियां थाना का नया प्रभारी बनाया गया है।

इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने कहा कि यह नियमित प्रशासनिक प्रक्रिया का हिस्सा है और विभाग जहां जिम्मेदारी देगा, वहां पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे। उन्होंने बताया कि रानियां थाना में कुछ लंबित कार्य पूरे करने के बाद वह सिरसा सिटी थाना का कार्यभार संभालेंगे।

सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि जिले के कुछ थानों में प्रशासनिक आवश्यकता के अनुसार फेरबदल किया गया है। उन्होंने कहा कि सिटी थाना में इंस्पेक्टर स्तर के अधिकारी की आवश्यकता थी, क्योंकि वहां के प्रभारी इंस्पेक्टर निर्मल सिंह का तबादला एसटीएफ में हो गया है। उनकी जगह इंस्पेक्टर संतोष कुमार को नियुक्त किया गया है।

रानियां थाना जिले का ऐसा थाना बन गया है, जहां पिछले नौ महीनों में लगातार चार थाना प्रभारियों का तबादला हो चुका है। क्षेत्र में नशे से जुड़ी घटनाओं के कारण पुलिस प्रशासन लगातार दबाव में रहा है।

Related posts

PANIPAT में डाकघर कर्मचारी का 2 दिन बाद जंगलों में मिला शव

Voice of Panipat

HARYANA:- रक्षाबंधन पर CM सैनी का महिलाओं को तोहफा, दिल्ली से चडीगढ़ तक महिलाएं कर सकेंगी Free सफर

Voice of Panipat

इस जगह बुलेट से पटाखे बजाने वालों पर कसा शिकंजा, काटे चालान

Voice of Panipat