MP News: मध्यप्रदेश राज्य से दर्दनाक खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार उफनते नाले में कार के बहने से एक साथ आठ लोगों की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा मप्र के आगर-मालवा जिले में शुक्रवार की देर रात हुआ। हादसे में जान गवाने वालों में तीन-तीन महिलाओं और पुरुषों के साथ दो बच्चे भी शामिल हैं। बताया जा रहा है कि मरने वालों में सात लोग उड़ीसा से और गाड़ी का ड्राइवर मप्र के आगर मालवा जिले का है। एसपी दिलीप कुमार सोनी से मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा तेज बारिश की वजह से हुआ। उन्होंने बताया कि मंदिर के पास देर रात तेज बारिश के कारण पुलिया पर पानी के तेज बहाव में कार बहने से यह घटना घटित हुई।
हादसे के विरोध में लोगों ने रखी दुकाने बंद
शुक्रवार देर रात हुए हादसे में आठ लोगों की जान गवाने के बाद आक्रोशित स्थानीय लोगों ने आज विरोध जताते हुए अपनी दुकानें बंद रखी। वहीं इस हादसे के विरोध में स्थानीय लोगों ने अंबेडकर चौक पर चक्का जाम कर दिया। लगातार बिगड़ती स्थिति और लोगों में पहले आक्रोश को देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। स्थानीय लोगों के अनुसार जिले में हुई तेज बारिश के कारण शुक्रवार की रात को पुलिया पर तीन से चार फीट पानी बह रहा था और प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की बेरी कटिंग नहीं की गई थी जिस वजह से यह हादसा हुआ है। स्थानीय लोग इस दर्दनाक हादसे को प्रशासन की लापरवाही मान रहे हैं। मध्य प्रदेश राज्य में हुए इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी शोक प्रकट करते हुए प्रधानमंत्री राहत को से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपए देने की घोषणा की है।

