हरियाणा की अनाज मंडियों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। हालांकि, अभी तक सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू नहीं हुई है लेकिन प्राइवेट एजेंसियों द्वारा खरीद की जा रही है। कैथल की नई अनाज मंडी की बात करें तो यहां 1509 किस्म की आवक शुरू हो गई है। अब तक मंडी में करीब 300 क्विंटल धान पहुंच चुका है।
क्या मिल रहा है भाव ?
कैथल की नई अनाज मंडी में 1509 धान किस्म का भाव 3,500 रुपए प्रति क्विंटल तक मिल रहा है। पिछले दो दिन की बात करें तो भाव में गिरावट देखने को मिल रही है। भाव में 300 रुपए प्रति क्विंटल तक गिरावट ने किसानों के चेहरों पर चिंता बढ़ा दी है। हालांकि, पिछले साल की बात करें तो सीजन की शुरुआत में 1509 धान 2,800 से 2,900 रुपए प्रति क्विंटल तक बिका था लेकिन इस बार दो दिन पहले तक 3,800 रुपए प्रति क्विंटल तक भाव मिल रहा था। पिछले दो दिनों में भाव 300 रुपए प्रति क्विंटल तक कम हुआ है।
वहीं, पिछले साल से तुलना करें तो 500 रुपए प्रति क्विंटल तक ज्यादा भाव मिल रहा है। किसानों का कहना है कि पिछले साल से तो उंचा भाव मिल रहा हैं और उम्मीद करते हैं कि भाव में तेजी बनी रहें ताकि किसानों को आर्थिक फायदा पहुंच सकें।
व्यवस्था का दिखा अभाव
धान की सरकारी खरीद शुरू नहीं होने से मंडियों में व्यवस्था का अभाव नजर आ रहा है। मंडी में न तो किसानों के लिए पीने के पानी की उचित व्यवस्था है और न ही सफाई व्यवस्था की ओर अधिकारियों का ध्यान है। यदि जल्द ही पुख्ता इंतजाम नहीं किए जाते हैं तो आने वाले दिनों में धान की आवक बढ़ने पर मंडियों में व्यवस्था बिगड़ सकती है।

