Water-Conserved Haryana : हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए मेगा प्लान तैयार किया है। सरकार के इस प्लान पर 2484.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश की 106 नहरों को शामिल किया गया है और उनको सुदृढ़ीकरण किया जाएगा, ताकि नहरों का टूटने का खतरा कम हो सके और किसानों को सिंचाई में आसानी हो सके।
विश्व बैंक की ‘जल संरक्षित हरियाणा’ परियोजना के तहत नहरों के कमजोर हिस्सों को मजबूत किया जाएगा, ताकि नहरों में जल वहन की क्षमता बढ़ सके। सरकार के प्लान के अनुसार प्रदेश की नहरों के टूटने की घटनाओं में कमी आएगी। इसके अलावा नहर से खेतों तक जाने वाली आपूर्ति को भी मजबूत किया जाएगा, ताकि किसान के खेत तक हर पानी की बूंद पहुंच सके। प्रस्तावित कार्यों की विस्तृत रूपरेखा तैयार करने के लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराने का जिम्मा निजी एजेंसी को सौंपा गया है।
निजी एजेंसी के सर्वे में पहले नहरों की स्थिति की जांच की जाएगी और जहां पर कमी मिलेगी उसको डीपीआर में शामिल किया जाएगा। इसके बाद औपचारिक स्वीकृति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। ‘जल संरक्षित हरियाणा’ परियोजना का कुल अनुमानित बजट करीब 5714 करोड़ रुपये है।
‘जल संरक्षित हरियाणा’ में विश्व बैंक की तरफ से 4000 करोड़ का लोन उपलब्ध करवाया गया है। इस योजना के तहत केवल नहरों की मरम्मत का काम नहीं होगा, बल्कि प्रदेश के दूसरे जल संसाधनों को भी संरक्षित किया जाएगा और उसको काफी प्रभावी बनाया जाएगा। प्रदेश की इस योजना को सिरे चढ़ाने के लिए प्रदेश को 15 क्लस्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक क्लस्टर के हिसाब से ही काम किया जाएगा। सरकार का मुख्य उद्देश्य प्रदेश के प्रत्येक किसान व प्रत्येक खेत को पानी उपलब्ध करवाना है।

