Dindayal Lado Lakshmi Yojana-2 Registration: हरियाणा प्रदेश में ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना-2′ के तहत महिलाओं के पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश के जींद जिले में 72000 ऐसी महिलाएं जो ‘लाडो लक्ष्मी योजना-2 के तहत लाभ उठा सकेंगी। हरियाणा सरकार द्वारा महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देने के लिए चलाई जा रही ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना-2’ के तहत जींद जिले में जिला प्रशासन द्वारा पात्र महिलाओं को योजना का लाभ दिलाने के लिए व्यापक और पंजीकरण जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
जिले में सचिव, सीपीएलओ व आंगनबाड़ी वर्कर की लगाई गई है ड्यूटी
जींद जिले में ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना-2′ के तहत संबंधित ग्राम सचिव, CPLO व आंगनबाड़ी वर्कर को लिस्ट सौंपकर अपने अपने गांव के लाभपात्रों को इस बारे जानकारी देने और रजिस्ट्रेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा ब्लॉक कार्यालयों में शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। यह जानकारी मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में पत्रकारों से बातचीत करते हुए एडीसी प्रदीप कुमार ने दी। उन्होंने जिले की पात्र महिलाओं से जल्द से जल्द अपना पंजीकरण करवाने की अपील की है।
जिले में 61 हजार से अधिक महिलाओं को मिल रहा लाभ
जींद जिले के एडीसी प्रदीप कुमार ने आंकड़े साझा करते हुए बताया कि वर्तमान में दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना के पहले चरण के तहत 61000 से अधिक महिलाएं लाभ उठा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से हर पात्र व्यक्ति और महिलाओं तक पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
1.80 लाख सालाना आमदनी वाली महिलाएं होगी इस योजना के लिए पात्र
लाडो लक्ष्मी योजना-2 के तहत 1.80 लाख सालाना आमदनी वाली महिलाएं इस योजना का लाभ उठा सकेंगी। सरकार द्वारा शुरू की गई इस योजना के तहत परिवार पहचान पत्र के हिसाब से 1.80 लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाली जिले की लगभग 72 हजार से अधिक महिलाएं पात्र मानी जा रही हैं। इनमें से जींद जिले में अब तक 2,767 पात्र महिलाओं ने अपना सफल पंजीकरण करवा लिया है।

