हरियाणा के दो जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। जबकि प्रदेश के कुछ अन्य जिलों में हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में आज 16 सितंबर को मानसून की गतिविधियों में थोड़ा कमी आएगी। इस वजह से बुधवार यानी आज दो जिलों में तेज बारिश और प्रदेश के अन्य जिलों में हल्की बारिश के आसार है।
इन जिलों में होगी बारिश
मौसमम विभाग ने अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा पंचकूला, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, जींद, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नूंह और पलवल में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी के कुछ एक स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है।
पलवल में बेहतरीन रहा मानसून
मौसम विभाग की मानें तो हरियाणा में इस मानसून सीजन के दौरान जींद और सिरसा जिले में बारिश की भारी कमी देखने को मिली। ये दो जिले सूखे जैसी स्थिति से जूझ रहे हैं।
इस सीजन में (1 जून से 15 सितंबर )पलवल जिले में सबसे बेहतरीन मानसून रहा है, जहां सामान्य से 21% अधिक यानी 473.4 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। वहीं जींद में सामान्य से 60% कम बारिश हुई है।

