हरियाणा के हिसार में एसीबी की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रिश्वत लेते पटवारी को गिरफ्तार किया है। एसीबी ने आरोपी को 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया। आरोपी पर जमीन के मुआवजे की बकाया राशि जारी करने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
क्या है पूरा मामला ?
मिली जानकारी के अनुसार भूमि अधिग्रहण विभाग में पुनर्नियुक्ति पर तैनात पटवारी भूप सिंह को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते ACB की टीम ने गिरफ्तार किया है।
इस मामले में एक व्यक्ति ने एसीबी को शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसके रिश्तेदार लक्ष्मी नारायण मित्तल के पक्ष में उपायुक्त हिसार की कोर्ट ने 33 लाख रुपए का भूमि अधिग्रहण मुआवजा जारी करने के आदेश दिए थे।
विभाग की ओर से 32 लाख रुपए की राशि पहले ही जारी की जा चुकी थी, लेकिन बकाया 1 लाख रुपए की अंतिम किस्त जारी करने के एवज में पटवारी रिश्वत की मांग कर रहा था। आरोप है कि पटवारी भूप सिंह इसके लिए 10 हजार रुपए की रिश्वत मांग की।
मामले की शिकायत मिलने के बाद ACB की टीम ने जाल बिछाया। योजना के तहत शिकायतकर्ता को पटवारी के पास भेजा गया। जैसे ही पटवारी भूप सिंह ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपए लिए तो एसीबी की टीम ने उसे दबोच लिया। ACB अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के पास से रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई है। अब मामले में आरोपी पटवारी से गहन पूछताछ व आगे की जांच की जा रही है।

