राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से सटे फरीदाबाद में ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रहे लोगों के लिए एक राहत भरी खबर सामने आई है। अच्छी खबर यह है कि सुरक्षा संबंधी कार्यों को पूरा करने के बाद नेशनल हाईवे ऑथोरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने जैतपुर पुश्ता रोड से डीएनडी महारानी बाग लेन के 9 किलोमीटर हिस्से को फिर से वाहनों के लिए खोल दिया है।
दिल्ली- नोएडा का सफर होगा आसान
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की जैतपुर पुश्ता रोड से डीएनडी महारानी बाग लेन पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से फरीदाबाद से दिल्ली समेत नोएडा जाने वाले लोगों को विशेष तौर पर राहत पहुंचेगी। उन्हें अब कालिंदी कुंज या मथुरा रो़ड के ट्रैफिक जाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
NHAI के एक अधिकारी ने बताया कि रिफ्लेक्टर, दिशा सूचक व मार्किंग के कामों का निरीक्षण करने के बाद फिलहाल जैतपुर पुश्ता रोड के पास से बैरियर हटा लिए गए हैं। दोनों लेन पर ट्रैफिक के दबाव और सुरक्षा मानकों को परखा जा रहा है। उम्मीद करते हैं कि ट्रैफिक का सुचारू रूप से संचालन जारी रहें ताकि लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात मिल सके।
PM मोदी करेंगे उद्घाटन
उन्होंने बताया कि 20 सितंबर तक इसका ट्रायल लिया जाएगा जिसके बाद आगामी रिजल्ट को देखते हुए इस रूट पर वाहनों के आवागमन को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। इसका आधिकारिक उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया जाएगा, जिसे लेकर जल्द ही तारीख का ऐलान किया जाएगा।

