हरियाणा के हिसार शहर से लोगों के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। यहां शहर के सबसे पुराने रेलवे ओवरब्रिज पर ट्रैफिक जाम से राहत को लेकर योजना पर काम शुरू हो गया है। टाउन पार्क से लक्ष्मीबाई चौक और बीकानेर चौक से बस स्टैंड व सिरसा चुंगी तक की सड़क को सिक्स लेन किए जाने के प्रस्ताव के बाद अब पुराने फोरलेन पुल को भी सिक्स लेन बनाने की तैयारियां शुरू हो गई है।
इस महत्वाकांक्षी परियोजना को धरातल पर उतारने के लिए लोक निर्माण विभाग और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के बीच उच्चस्तरीय मंथन चल रहा है।
विभाग की नई योजना के तहत रेलवे ओवरब्रिज (ROB) के दोनों छोरों पर व्हीकल अंडरपास प्रस्तावित किए गए हैं। पहला वीयूपी बीकानेर चौक के समीप बनाया जाएगा जबकि दूसरा वीयूपी लक्ष्मीबाई चौक की तरफ प्लान किया जा रहा है।
इसलिए बदलेगा स्वरूप
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय बंसीलाल के कार्यकाल में वर्ष 1975 में बना यह आरओबी शहर का पहला फोरलेन पुल था। वर्तमान में रेलवे ट्रैक के ऊपर पर्याप्त क्लियरेंस (ऊंचाई) न होने के कारण ट्रेनों को यहां से गुजरते समय अपनी रफ्तार घटाकर 15 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा करनी पड़ती है। रेलवे के आधुनिकरण और इलेक्ट्रिफिकेशन को ध्यान में रखते हुए अब इस पुल की ऊंचाई और लंबाई दोनों बढ़ाने की योजना बन रही है।
शहर के पुराने रेलवे आरओबी को सिक्स लेन बनाने को लेकर रेलवे के साथ लगातार मंथन चल रहा है। जब पुल के दोनों तरफ के मार्ग सिक्स लेन हो रहे हैं, तो बीच का यह पैच फोरलेन रखना व्यावहारिक नहीं होगा। भविष्य में वाहनों के बढ़ते दबाव और यातायात को सुगम बनाने के लिए लोक निर्माण मंत्री रणबीर गंगवा के निर्देशानुसार इस योजना को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अजीत सिंह, एसई बीएंडआर हिसार।

