वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल)-हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव में आबादी के पास बनी ड्रेन में 5 से 6 फुट लंबा मगरमच्छ दिखाई देने से इलाके में दहशत का माहौल है। ड्रेन के किनारे बने डेरे में करीब 10 परिवार रहते हैं।मगरमच्छ के लगातार नजर आने के बाद डेरे में रहने वाले लोगों ने अपनी रोजमर्रा की दिनचर्या बदल दी है। ग्रामीण अब बच्चों को अकेले बाहर नहीं भेज रहे हैं और पशुओं को भी चराने या पानी पिलाने के लिए ड्रेन के पास नहीं ले जा रहे हैं। मगरमच्छ के वापिस जाने की आशंका भी है परंतु एक बार रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जाएगा।

कुरुक्षेत्र की ड्रेन में दिखा मगरमच्छ
रेस्क्यू ऑपरेशन:-
सूचना मिलते ही गोताखोर प्रगट सिंह अपनी वाइल्डलाइफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए ड्रेन में जाल लगाया और काफी देर तक सर्च ऑपरेशन चलाया,लेकिन मगरमच्छ पकड़ में नहीं आया । इसके बाद टीम ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।प्रगट सिंह ने बताया कि यह ड्रेन सतलुज यमुना लिंक (SYL) और नरदाना ब्रांच यानी भाखड़ा नहर से जुड़े साइफन से जुड़ी हुई है। इसी रास्ते से मगरमच्छ के ड्रेन तक पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। आबादी के पास मगरमच्छ दिखने से लोगों की चिंता बढ़ गई है।

16 जुलाई को पकड़ा हुआ मगरमच्छ
पहले भी हो चुका है रेस्क्यू:-
इससे पहले 16 जुलाई को नरकातरी गांव के पास से गुजरने वाली ड्रेन से भी करीब 6 फुट लंबे मगरमच्छ को रेस्क्यू किया गया था। वाइल्डलाइफ टीम ने करीब आधे घंटे के ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित पकड़ा था। उस समय भी आसपास के किसान और ग्रामीण डरे हुए थे।फिलहाल टीम पूरे ड्रेन में सर्च कर रही है ताकि मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित जगह छोड़ा जा सके।
TEAM VOICE OF PANIPAT

