Jind Panipat Railway overbridge: जींद-पानीपत रेलवे ओवर ब्रिज पर रैंप बनाने का कार्य एक बार फिर शुरू हो गया है। लंबे समय से इंतजार कर रहे वाहन चालकों के लिए राहतभरी खबर है।
नए बस स्टैंड से पहले जींद-पानीपत रेलवे लाइन क्रॉसिंग पुल के पास आखिरकार एनएचएआई ने रैंप निर्माण की प्रक्रिया शुरू करा दी है।
हाईवे अथॉरिटी ने इसके लिए निर्माण काम प्रारंभ करने से पहले पुल के दोनों ओर बनाए गए सर्विस लेन की पुरानी सड़क को उखाड़ना शुरू कर दिया है। इसके तुरंत बाद रैंप बनाने का मुख्य निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
जिसके लिए जल्द ही नारियल फोड़कर शिलान्यास करवाया जाएगा। इसके निर्माण के बाद शहर से हाईवे पर आने व जाने वाले वाहनों को नए बस अड्डे के सामने से रॉन्ग साइड नहीं गुजरना पड़ेगा।
रैंप के निर्माण हेतु नए सिरे से बनाई ड्राइंग
विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इस पूरे प्रोजेक्ट पर लगभग 6 करोड़ रुपए से अधिक की राशि खर्च की जाएगी। योजना के तहत दिल्ली-पटियाला नेशनल हाईवे के जींद बाईपास स्थित पुल के दोनों तरफ सुरक्षित और आधुनिक मानकों के अनुरूप रैंप उतारे जाएंगे।
इसके लिए ड्राइंग और डिजाइन को दोबारा से तैयार कराया गया है, ताकि ट्रैफिक का दबाव आसानी से संभाला जा सके। इससे रोहतक की ओर से आने व वहां जाने के लिए सीधे आवाजाही हो सकेगी।
इससे बस स्टैंड के सामने रॉन्ग साइड वाहनों की आवाजाही बंद होने से दुर्घटनाओं का खतरा भी काफी हद तक टल जाएगा।
दो साल से कागजों में अटका था रैंप बनाने का मामला
गौरतलब है कि वर्ष 2022 में जींद शहर से बस अड्डे को हाईवे बाईपास के समीप नए भवन में शिफ्ट किया गया था। इसके बाद से ही इस बाईपास पर यातायात का दबाव तेजी से बढ़ा है।
रोहतक, दिल्ली, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, जयपुर और मथुरा की ओर जाने वाली बसों तथा अन्य वाहनों को या तो सफीदों रोड होकर पुल के नीचे से लंबा चक्कर काटकर आना पड़ता है या फिर मजबूरी में रॉन्ग साइड चलना पड़ता है।
रॉन्ग साइड वाहनों की समस्या के मुद्दे को रोड सेफ्टी की बैठकों में भी बार-बार प्रमुखता से उठाया गया था, जिसके बाद डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्डा व जिला प्रशासन की ओर से एनएचएआई को रैंप बनाने के निर्देश दिए गए थे।
हालांकि, पिछले दो सालों से यह फाइल कागजों में ही सिमटी हुई थी। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और धरातल पर काम शुरू होने से स्थानीय लोगों में जल्द समाधान की उम्मीद जगी है। (Jind Panipat Railway overbridge)

