Kal Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 14 से 15 घंटों के दौरान कई राज्यों में बारिश, तेज हवाओं और गरज-चमक का दौर बढ़ सकता है। 9 अगस्त को उत्तर भारत से लेकर मध्य और पूर्वी भारत तक कई इलाकों में भारी बारिश, आंधी और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
पहाड़ी राज्यों में भारी बारिश के बीच भूस्खलन और सड़कें प्रभावित होने का खतरा बना हुआ है। वहीं मैदानी इलाकों में आंधी के दौरान पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की आशंका है। मौसम खराब होने की स्थिति में लोगों को खुले क्षेत्रों और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।
इन मौसम प्रणालियों से बढ़ेगी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, गंगा के किनारे पश्चिम बंगाल और उससे सटे उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के तटीय क्षेत्रों में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके अलावा दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में ऊपरी हवाओं का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इन दोनों मौसम प्रणालियों के प्रभाव से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। कई जगहों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं और बिजली गिरने की घटनाएं भी हो सकती हैं।
15 राज्यों में बारिश और आंधी का अलर्ट
9 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात और महाराष्ट्र में मौसम खराब रहने की चेतावनी है।
कई इलाकों में बारिश के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात का खतरा है। किसानों तथा खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिल्ली में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना
राजधानी दिल्ली में 9 अगस्त को भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
उत्तर प्रदेश में कई जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में 9 अगस्त को बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है। मेरठ, हापुड़, नोएडा, मथुरा, आगरा, बुलंदशहर, अलीगढ़, झांसी, इटावा, फिरोजाबाद, कानपुर, सोनभद्र, मिर्जापुर, गाजीपुर, बलिया, बांदा, प्रयागराज, गोरखपुर और देवरिया में भारी बारिश और आंधी की चेतावनी है।
इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 55 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
बिहार में भी भारी बारिश और आंधी का खतरा
बिहार के कई जिलों में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में मौसम खराब रहने की चेतावनी है।
पटना में अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
झारखंड में 60 KM तक चल सकती हैं हवाएं
झारखंड के रांची, रामगढ़, बोकारो, हजारीबाग, जमशेदपुर, पलामू, खूंटी और दुमका में तेज बारिश के साथ आंधी की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। रांची में अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
उत्तराखंड में भारी बारिश, भूस्खलन का खतरा
उत्तराखंड के बागेश्वर, रुद्रप्रयाग, नैनीताल, हरिद्वार, ऋषिकेश, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल में मध्यम से भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। हवा की रफ्तार 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है।
देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और अचानक जलस्तर बढ़ने को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
हिमाचल प्रदेश में 70 KM तक पहुंच सकती है हवा की रफ्तार
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा, सिरमौर, शिमला, मंडी, चंबा, कुल्लू और सोलन में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। इस दौरान तेज हवाओं की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
मनाली में अधिकतम तापमान करीब 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। भारी बारिश की स्थिति में पहाड़ी सड़कों पर यात्रा करने वालों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
जम्मू-कश्मीर में बारिश के साथ अचानक बढ़ सकता है जलस्तर
जम्मू-कश्मीर के पुंछ, मीरपुर, कुलगाम, जम्मू, कठुआ, शोपियां, डोडा, राजौरी, किश्तवाड़ और अनंतनाग में भारी बारिश और आंधी की संभावना है। श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।
पहाड़ी क्षेत्रों में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और अचानक नदियों-नालों का जलस्तर बढ़ने का खतरा बना रह सकता है।
पंजाब और राजस्थान में भी तेज हवाओं का असर
पंजाब के होशियारपुर, बठिंडा, कपूरथला, मोहाली, पटियाला, संगरूर, बरनाला, अमृतसर और चंडीगढ़ में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। किसानों को खराब मौसम के दौरान खुले खेतों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
वहीं राजस्थान के झुंझुनू, सीकर, चूरू, कोटा, जालोर, भरतपुर, अजमेर, उदयपुर, जैसलमेर, जयपुर, टोंक, दौसा और अलवर में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट है। यहां तेज हवाएं 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक चल सकती हैं। जयपुर में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मध्य प्रदेश में भी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट
मध्य प्रदेश के विदिशा, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, बालाघाट, रीवा, इंदौर, भोपाल, कटनी, दमोह, पन्ना, टीकमगढ़, जबलपुर, सिवनी, भिंड और छतरपुर में मध्यम से तेज बारिश की संभावना है। कुछ क्षेत्रों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम खराब होने पर क्या सावधानी बरतें?
मौसम विभाग की चेतावनी के बीच लोगों को आंधी और भारी बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचना चाहिए। बिजली गिरने की आशंका होने पर पेड़, बिजली के खंभे और खुले मैदान से दूर रहना जरूरी है। पहाड़ी क्षेत्रों में रहने और यात्रा करने वाले लोगों को भूस्खलन प्रभावित मार्गों पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

