वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल) – सीआईए थ्री पुलिस ने बापौली मंडी में बकरी चरा रहे गांव निवासी इरफान पर फायरिंग करने के चार आरोपियों को सोमवार देर शाम सनौली यमुना पुल के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान बापौली निवासी मैनपाल उर्फ मैना, सन्नी, सचिन व दीपांशु उर्फ बुल्ला के रूप में हुई है।

4 युवक गिरफ़्तार
सीआईए थ्री प्रभारी सब इंस्पेक्टर सुभाष ने बताया कि चारों आरोपियों ने पूछताछ में उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया । पूछताछ में आरोपी मैनपाल ने पुलिस को बताया उसने अपने साथी आरोपियों के साथ मिलकर रंजिशन वारदात को अंजाम दिया। आरोपी ने पूछताछ में बताया करीब 4 माह पहले उसकी इरफान के साथ कहासुनी हो गई थी। इरफान ने उसे चाकू से चोट मारी थी। बाद में उनका समझौता हो गया था, लेकिन वह इस बात की मन में रंजिश रखे हुए था। इसी रंजिश में उसने 1 अगस्त को अपने उक्त तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर बापौली मंडी में इरफान पर फायरिंग कर हमला किया।
पूरा मामला:-
थाना बापौली में सैनी कॉलोनी बापौली निवासी इरफान पुत्र दीना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह मेहनत मजदूरी का काम करता है। 1 अगस्त को शाम करीब 6:30 बजे वह अपने भाई एहसान के साथ अनाज मंडी बापौली में नए शेड के पास बकरियां चरा रहा था। उसका भाई एहसान उससे करीब 100 मीटर की दूरी पर था और वह बैठकर बकरियों की निगरानी कर रहा था। तभी एक बाइक पर सवार चार युवक वहां आए। उनमें गांव निवासी दो लड़के सन्नी पुत्र कल्याण व मैनपाल उर्फ मेना पुत्र मोहर सिंह थे। आरोपियों ने पहले बाइक से टक्कर मारी और इसके बाद जान से मारने की नीयत से उस पर देशी पिस्तौल से फायरिंग कर दी। आरोपी सन्नी ने उसके दाहिने कंधे के नीचे गोली मारी। गोली लगते ही वह शोर मचाते हुए अपने घर की ओर भागा और कुछ दूरी पर जाकर गिर गया। इसके बाद सभी आरोपी हथियारों सहित मौके से फरार हो गए। उसका भाई एहसान तथा अन्य परिजन उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल पानीपत लेकर पहुंचे जहां डाक्टर ने उसकी हालत को देख उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। इसके बाद परिजनों ने उसको रविंद्रा अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत में इरफान ने बताया उसे शक है कि उक्त चार आरोपियों के अलावा तीन अन्य युवक भी दूसरी बाइक पर उनके साथ हो सकते हैं। थाना बापौली में नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।साथ ही पुलिस ने सोमवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उन्हें 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइक व अवैध देसी पिस्तौल बरामद करने का प्रयास करेगी ।
TEAM VOICE OF PANIPAT

