एक ओर धान की फसल तैयार हो रही है वहीं किसान गेहूं की बिजाई की तैयारी भी शुरू कर रहे हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार ने प्रदेश के किसानों को इस बार बीज को लेकर बड़ी राहत दी है। प्रदेश के किसानों को सब्सिडी पर गेहूं का बीज उपलब्ध करवाया जाएगा। यह बीज किसान HAFED, KRIBHCO, और IFFCO जैसी अन्य कई संस्थानों के बिक्री केंद्रों से ले सकेंगे। किसानों को यहां से उनकी जरूरत के अनुसार बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।
हरियाणा में गेहूं रबी की प्रमुख फसल है। प्रदेश में करीब 25 लख हैक्टेयर क्षेत्र में गेहूं की बिजाई होती है। ऐसे में गेहूं की बिजाई से पहले ही सरकार ने बीज को लेकर यह महत्वपूर्ण फैसला किया है। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा प्रमाणित गेहूं बीज उपलब्ध करवाने के लिए तैयारी शुरू करने के साथ-साथ इसकी कीमत भी तय कर दी हैं। ऐसे किसानों को सब्सिडी पर 40 किलोग्राम के बीज बैग 1,080 रुपये में उपलब्ध करवाने का फैसला लिया गया। हालांकि फैसला लिया गया है कि गेहूं की ऐसी किस्में जो 10 साल से अधिक पुरानी हैं, उन पर अनुदान नहीं दिया जाएगा।
साथ ही कृषि विभाग द्वारा अधिसूचना जारी करते हुए सरकारी एजेंसियों को निर्देश दिए हैँ कि बीज की उपलब्ध सुनिश्चित की जाए। ऐसे में सरकार द्वारा जो कीमत तय की गई है, उस पर 1,695 रुपये प्रति बैग की छूट दी जा रही है। विशेषज्ञों की मानें तो गेहूं का बीज प्रति क्विंटल 4,395 रुपये बिकता है। लेकिन किसानों को यह बीज करीब 2700 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बेचा जाएगा। हालांकि किसानों को एक बैक बीज में 40 किलोग्राम गेहूं दिया जाएगा और इसकी कीमत 1,080 रुपये रहेगी।
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि सब्सिडी का लाभ सिर्फ किसानों को मिलेगा। कोई भी बीज विक्रेता कंपनी यह लाभ नहीं ले पाएगी। वहीं किसानों को आसानी से बीज उपलब्ध करवाने के लिए हैफेड और इफ्को के साथ साथ हरियाणा राज्य बीज प्रमाणीकरण संस्था यानी HSSCA, कृभको, एचएलआरडीसी राष्ट्रीय बीज निगम (NSC) के अधिकृत बिक्री केंद्रों से किसान बीज ले सकेंगे। सब्सिडी का लाभ सिर्फ हरियाणा के किसानों के लिए रहेगा।

