राशनकार्ड धारकों के लिए एक जरूरी खबर सामने आई है। केंद्र सरकार की ओर से आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मुफ्त या फिर सब्सिडी पर राशन वितरित किया जाता है।
इस योजना से जुड़े लाभार्थी कई मर्तबा जल्दबाजी में राशनकार्ड घर पर ही भूल जाते हैं। ऐसी स्थिति में कई बार लाभार्थियों को लगता है कि उन्हें राशन नहीं मिलेगा. लोगों की इसी असमंजस पर विराम लगाते हुए केंद्र सरकार ने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बताया है कि राशन कार्ड लेकर नहीं आने वालों को भी राशन दिया जाएगा.
‘वन नेशन- वन राशन कार्ड’ योजना का कमाल
केंद्र सरकार की वन नेशन- वन राशन कार्ड योजना ने राशन वितरण प्रणाली को पूरी तरह से डिजिटल और पारदर्शी बना दिया हैं बल्कि इस व्यवस्था के तहत पूरे देश में राशन वितरण डेटाबेस को आधार कार्ड से भी लिंक कर दिया गया है.
ऐसे में अगर कोई लाभार्थी राशन कार्ड भूल भी जाता है, तो राशन दुकान पर मौजूद ई-पॉइंट ऑफ सेल मशीन में केवल अपना आधार कार्ड नंबर दर्ज करवाकर पात्रता की पुष्टि की जा सकती है. इस योजना का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आप अपने गृह राज्य या जिले के बाहर भी देश की किसी भी राशन दुकान से अपना अनाज ले सकते हैं.
ऐसे मिलेगा राशन
राशन डीलर ePoS मशीन में आपका 12 अंकों का आधार नंबर या राशन कार्ड नंबर दर्ज करेगा.
इसके बाद मशीन पर आपका फिंगरप्रिंट या आंखों की पुतली स्कैन किया जाएगा.
बायोमीट्रिक डेटा मैच होते ही स्क्रीन पर परिवार के सदस्यों और आवंटित राशन की पूरी जानकारी दिख जाएगी.
पहचान सही पाए जाने पर डीलर आपको तय मात्रा में अनाज जारी कर रसीद दे देगा.
यह सुविधा केवल उन लाभार्थियों के लिए उपलब्ध है, जिनका आधार कार्ड उनके राशन कार्ड से पहले से ही लिंक है.

