वॉयस ऑफ पानीपत (तमन्ना गोयल) – रोहतक की जवाहरलाल नेहरू नहर में एक किशोर पानी में डूब गया, जिसका 48 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। नहर में डूबने वाले किशोर की पहचान खुशहाल पुत्र सतपाल निवासी बाग वाली गली, शीतल नगर के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक खुशहाल अपने कुत्ते को टहलाने के लिए 1 अगस्त को अपने दोस्त के साथ जेएलएन नहर के किनारे गया था। जिस दौरान उसका कुत्ता नहर में कूद गया और खुशहाल भी उसे बचाने के लिए नहर में कूद गया। परंतु पानी का बहाव तेज होने के कारण खुशहाल बह गया। खुशहाल के साथ उसका दोस्त भी था, परंतु उसे तैरना नहीं आता था। वह मदद के लिए भागा भी, लेकिन उसे कोई व्यक्ति नजर नहीं आया। खुशहाल ने कुछ क्षण के लिए हाथ पैर भी मारे, पर वह बाहर नहीं निकल सका।

SDRF टीम की तलाश जारी
पुलिस जांच:
वहीं शिवाजी कॉलोनी थाना पुलिस व एसडीआरएफ की टीम पिछले 2 दिन से लगातार किशोर की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाए हुए है। टीम भाखड़ा हेड तक भी सर्च ऑपरेशन चला रही है, परंतु 48 घंटे होने के बाद अब तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है। शिवाजी कॉलोनी थाना के जांच अधिकारी संजीव ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि एक युवक अपने कुत्ते को बचाने के लिए नहर में कूदा, लेकिन पानी के बहाव में बह गया। अभी किशोर की तलाश जारी है और जल्द ही उसे ढूंढ लिया जाएगा।
जानकारी के अनुसार जेएलएन में तीन दिन पहले ही पानी छोड़ा गया था, जिसके अगले दिन ही युवक नहर में डूब गया। पिछले महीने भी पानी छोड़ने के बाद एक युवक नहर में डूब गया था। नहर के किनारे सुरक्षा न होने के कारण अक्सर ऐसे हादसे हो रहे हैं, जिन्हें रोकने के लिए कोई कदम नहीं उठाया जा रहा है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

