वॉयस ऑफ पानीपत (आयुषी त्यागी) – अगस्त महीने की शुरुआत के साथ ही आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े कई अहम बदलाव लागू हो गए हैं। इनमें कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में कटौती, रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग नियमों में बदलाव, CKYC व्यवस्था का विस्तार और क्रेडिट कार्ड से जुड़े नए नियम शामिल हैं। वहीं, कुछ जरूरी उपभोक्ता वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।

जानिए क्या-क्या बदला है:
- कमर्शियल LPG सिलेंडर हुआ सस्ता:
19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत में करीब ₹200 की कटौती की गई है। राजधानी दिल्ली में इसकी कीमत ₹3113 से घटकर ₹2930 हो गई है। - तत्काल टिकट के लिए मिलेगा टोकन:
अब रेलवे के काउंटर से तत्काल टिकट बुक कराने वाले यात्रियों को बुकिंग शुरू होने के समय ही टोकन दिया जाएगा। पहले टोकन पहले से बांट दिए जाते थे, जिससे लंबी कतारें लग जाती थीं। नए नियम से व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित होने की उम्मीद है। - रोजमर्रा के सामान हो सकते हैं महंगे:
मार्केट एक्सपर्ट्स के अनुसार, वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण चाय, साबुन, कपड़े और अन्य दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में 4 से 6 प्रतिशत तक बढ़ोतरी हो सकती है। - KYC के लिए बार-बार दस्तावेज देने की जरूरत नहीं:
CKYC (Central Know Your Customer) सिस्टम लागू होने के बाद बैंक खाता खुलवाने, बीमा लेने या शेयर बाजार में निवेश के दौरान अलग-अलग संस्थानों को बार-बार दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी। सभी संस्थान सरकारी CKYC डेटाबेस से ग्राहक की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। - क्रेडिट कार्ड नियमों में बदलाव:
अलग-अलग बैंक अपने क्रेडिट कार्ड की रिवॉर्ड प्वाइंट पॉलिसी, वार्षिक शुल्क और अन्य सुविधाओं में बदलाव कर सकते हैं। ऐसे में ग्राहकों को अपने बैंक द्वारा जारी नई शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।
इसके अलावा, भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की (MPC) की बैठक 3 से 5 अगस्त के बीच आयोजित होगी। इस बैठक में ब्याज दरों पर फैसला लिया जाएगा, जिससे भविष्य में EMI और FD की ब्याज दरों में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।
TEAM VOICE OF PANIPAT

