हरियाणा के सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अब एंटी करप्शन ब्यूरो का चाबुक चलने वाला है। इसके तहत एंटी करप्शन ब्यूरो यानी (ABC) ने खास रणनीति तैयार करते हुए 190 भ्रष्ट अधिकारियों की सूची तैयार की है। इन पर अब एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा कार्रवाई की जा रही है।
गौरतलब है कि हरियाणा में लंबे समय से सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार के मामले सामने आते रहे हैं। ऐसे में एंटी करप्शन ब्यूरो ने इन कार्यालयों को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए नई योजना पर काम शुरू किया है। हालांकि एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम द्वारा नियमित रूप से कार्रवाई की जा रही है, लेकिन जब मामला अदालत में जाता है तो कई बार रिश्वत लेने के आरोपी अधिकारी छूट जाते हैं। माना जाता है कि यह अधिकारी सांठगांठ कर लेते हैं, जिससे अदालत तक पर्याप्त साक्षय और सबूत नहीं पहुंच पाते। ऐसे में लोगों के बीच भी इसका प्रभाव अच्छा नहीं जाता। इससे बचने के लिए अब एंटी करप्शन ब्यूरो ने नई और खास रणनीति तैयार की है। क्योंकि हरियाणा एंटी करप्शन ब्यूरो इसको सुनिश्चित करने में लगा है कि अपराधी को सजा मिल सके।
इसके लिए के लिए एसीबी की हाई पावर कमेटी ने ठोस प्रस्ताव तैयार किया है। साथ ही इसका पत्र भी हरियाणा प्रदेश के सभी सरकारी विभागों को भेज दिया गया है। इसके तहत एंटी करप्शन ब्यूरो प्रमुख एएस चावला ने साफ कर दिया है कि जो अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़़ा जाएगा, उसको उसी जिले में दोबारा पोस्टिंग नहीं मिल सकेगी।
138 भ्रष्टाचारियों के हाथ हुए लाल
हरियाणा के सरकारी कार्यालयों में फैले भ्रष्टाचार के गठबंधन को तोड़ने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो ने लगातार कार्रवाई की है। यदि इस साल यानी 2026 की बात की जाए तो 138 सफल रेड की गई हैं। इसके अलावा अब 190 भ्रष्ट अधिकारियों व कर्मचारियों की सूची भी तैयार की गई है। इस सूची का आधार ऐसे अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायत या सूचना हैं।
23 को मिली सजा
एंटी करप्शन ब्यूरो के प्रमुख एएस चावला के अनुसार सिर्फ रेड तक ही ब्यूरो की कार्रवाई नहीं रूक रही है। बल्कि अदालतों में मजबूती से पैरवी कर दोषियों को सजा भी दिलवाई जा रही है। बेशक इस साल में 138 सफल रेड हुई हैं, वहीं इसमें 21 मामलों में 23 दोषियों को अदालतों द्वारा सजा भी दी गई है।
भ्रष्टाचार के हॉटस्पॉट पर नजर
भ्रष्टाचार की कमर तोड़ने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा ऐसे कार्यालयों की भी पहचान की गई है, जो भ्रष्टाचार के हॉटस्पॉट हैं। क्योंकि इन कार्यालयों से भ्रष्टाचार की सबसे अधिक शिकायत और सूचना मिल रही हैं। ऐसे में इन कार्यालयों पर अब एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम की दबिश रहेगी।
भ्रष्टाचार रोकने के लिए मोबाइल एप
साथ ही भ्रष्टाचार करने वालों को उनके अंजाम तक पहुंचाने के लिए एंटी करप्शन ब्यूरो द्वारा एक खास मोबाइल ऐप भी शुरू किया जाएगा। इसके लिए मोबाइल एप भी तैयार की जा रही है, जिससे शिकायत करने के साथ-साथ भ्रष्टाचारी को पकड़ना भी आसान होगा। इससे कोई भी व्यक्ति यदि कहीं भी भ्रष्टाचार देखता है तो इसकी शिकायत कर सकेगा। साथ ही शिकायत करने वाले की पहचान गोपनीय रहेगी।

