August 9, 2026
Voice Of Panipat
Haryana

Haryana: हरियाणा के चरखी दादरी फायरिंग में घायल कीर्तिमान की मौत, 30 राउंड फायरिंग में लगी थीं तीन गोलियां

Haryana News: हरियाणा के चरखी दादरी में कोर्ट परिसर के सामने 6 अगस्त को हुई ताबड़तोड़ फायरिंग में घायल कीर्तिमान काजला की रविवार को मौत हो गई। हिसार के टोकस गांव निवासी कीर्तिमान का गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। डॉक्टरों के अनुसार, हमले के बाद से वह होश में नहीं आया था।

जानकारी के मुताबिक, कीर्तिमान अपने छह साथियों के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर कोर्ट पहुंचा था। इसी दौरान तीन शूटरों ने गाड़ी में बैठे लोगों पर करीब 30 राउंड फायरिंग कर दी। कीर्तिमान फ्रंट सीट पर बैठा था। उसके पैर और गर्दन में तीन गोलियां लगी थीं।

गंभीर हालत में गुरुग्राम किया गया था शिफ्ट

फायरिंग के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए रोहतक ले जाया गया था। कीर्तिमान की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में ले गए। यहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ और रविवार को उसने दम तोड़ दिया।

हमले में घायल अन्य लोगों में से चार की हालत अभी भी गंभीर बताई जा रही है और वे वेंटिलेटर पर हैं।

घायलों के शरीर से निकाली गईं 20 गोलियां

हमले में घायल सात लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इनमें कीर्तिमान और अमित फतेहगड़ियां को बाद में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल शिफ्ट किया गया। डॉक्टरों की टीम ने पांच घायलों का ऑपरेशन किया।

इलाज के दौरान घायलों के शरीर से कुल 20 गोलियां निकाले जाने की जानकारी सामने आई है। कीर्तिमान के पैर और गर्दन से तीन गोलियां निकाली गईं। कृष्ण के हाथ, पैर और छाती से चार गोलियां, अमित फतेहगड़ियां की कमर और पैरों से सात गोलियां तथा अंकित (मानकावास) की छाती, कमर और कूल्हे के पास से चार गोलियां निकाली गईं। अंकित (भिवानी) के पैर और पेट से दो गोलियां निकलीं। वहीं सूरज मानहेरू और हिसार के विजय उर्फ सन्नी के पैरों से छर्रे निकाले गए।

सोशल मीडिया पर हथियारों की तस्वीरें डालता था कीर्तिमान

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, कीर्तिमान के खिलाफ हिसार के आजाद नगर समेत कई थानों में 10 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। वह सोशल मीडिया पर भी काफी सक्रिय था और अपने अकाउंट पर हथियारों के साथ तस्वीरें और वीडियो पोस्ट करता था।

पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, 2023 में हथियारों के साथ फोटो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में उसके खिलाफ FIR दर्ज की गई थी। इसके बाद भी उसके सोशल मीडिया अकाउंट पर हथियारों से जुड़ी कई पोस्ट सामने आईं। उसकी प्रोफाइल की बायो में ‘क्रिमिनल एक्टिविटीज’ लिखा हुआ था।

कीर्तिमान खुद को एचकेओ ग्रुप का सरगना भी बताता था। उसकी आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, “नाम और खौफ उसी का रहता है, जो वक्त के साथ चलता है।”

हिसार का सन्नी भी हमले में घायल

चरखी दादरी की इस फायरिंग में हिसार के गंगवा गांव का रहने वाला विजय उर्फ सन्नी भी घायल हुआ था। उसका इलाज अभी जारी है। ग्रामीणों के अनुसार, सन्नी नशे के कारोबार से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ एक-दो मामले दर्ज हैं। बताया जा रहा है कि वह टोकस गांव निवासी कीर्तिमान के संपर्क में था।

तीन शूटरों ने दिया था वारदात को अंजाम

6 अगस्त को हुई इस वारदात में तीन शूटरों ने स्कॉर्पियो को निशाना बनाया था। हमलावरों ने गाड़ी में बैठे लोगों पर लगातार गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। शुरुआती तौर पर घटना को आपसी रंजिश और गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस हमलावरों की पहचान, वारदात की वजह और उनके पीछे मौजूद लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।

Related posts

PANIPAT:- चोरी करने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 7 वारदातों का खुलासा, 1 BIKE बरामद

Voice of Panipat

कोई छेड़ नहीं पाएगा आपका Aadhaar Card ! बस एक SMS से फटाफट लॉक हो जाएगा आपका आधार

Voice of Panipat

वायु प्रदूषण बन सकता है आपके फेफड़ों के कैंसर का कारण, इन तरीकों से करें बचाव

Voice of Panipat

Leave a Comment