हरियाणा के हिसार शहर में नए मार्ग को सड़क द्वारा मंजूरी दी गई है। यह सड़क हिसार के एयरपोर्ट की दीवार के साथ होते हुए तलवंडी तक बनेगी। इस नई सड़क के निर्माण के बाद तलवंडी व चंडीगढ़ जाने वाले वाहन चालकों को बड़ी राहत मिलेगी। अब एयरपोर्ट की दीवार के साथ-साथ तलवंडी तक जाने वाले एक 10 मीटर चौड़े और 9.65 किलोमीटर लंबे एक वैकल्पिक मार्ग के निर्माण का रास्ता साफ होता नजर आ रहा है।
यह नया रोड बॉटलिंग प्लांट के नजदीक से शुरू होकर ओल्ड नेशनल हाईवे 52 तक बनाया जाएगा। इस प्रोजेक्ट को लेकर पीडब्ल्यूडी बीएंडआर विभाग ने 26 करोड़ रुपये का विस्तृत एस्टीमेट तैयार कर सरकार के पास अंतिम मंजूरी के लिए भेज दिया है। तलवंडी राणा संघर्ष समिति इस रोड के निर्माण को लेकर लंबे समय से संघर्ष किया था। समिति प्रधान ओपी कोहली ग्रामीणों के साथ कई महीनों तक धरने पर बैठे रहे थे।
इस सड़क के बन जाने से न केवल चंडीगढ़ की तरफ का सफर छोटा होगा, बल्कि शहर के मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव भी काफी हद तक कम हो जाएगा। इससे आसपास के ग्रामीणों को भी फायदा होगा।
हिसार से तलवंडी और चंडीगढ़ की दूरी
मौजूदा समय में चालकों को तलवंडी या चंडीगढ़ रोड की तरफ जाने के लिए लंबे फेर का सामना करना पड़ता है। लेकिन इस नए रोड के निर्माण के बाद वर्तमान दूरी काफी हद तक घट जाएगी।
9.65 किमी लंबा, 10 मीटर चौड़ा होगा रोड
विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, इस नए रूट की कुल लंबाई 9.65 किलोमीटर होगी, जबकि बॉटलिंग प्लांट से लेकर ओल्ड एनएच-52 तक के मुख्य हिस्से की लंबाई 2300 मीटर रहेगी। अधिकारियों का कहना है कि यह अलाइनमेंट इस प्रकार तैयार किया गया है ताकि वाहन चालकों को कम से कम दूरी तय करनी पड़े और वे बिना किसी रुकावट के अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। राणा माइनर पर सिविल वर्क के तहत यहां पुल भी बनाया जाएगा।
जमीन अधिग्रहण पर खर्च होंगे करीब 13 करोड़
इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट के रास्ते में आने वाली विभिन्न जमीनों को कलेक्टर रेट पर खरीदा जाएगा। इसके लिए पहले प्रस्तावित एयरपोर्ट की जमीन नहीं मिल पाई। ऐसे में दो सरकारी विभागों और कुछ प्राइवेट लैंड खरीदी जाएगी।
बीएंडआर एसई अजीत सिंह ने कहा कि एयरपोर्ट रोड से तलवंडी तक बनने वाले इस नए रोड का 26 करोड़ का एस्टीमेट बनाकर सरकार के पास अप्रूवल के लिए भेज दिया है। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर जमीन लेने का काम तेजी से पूरा किया जाएगा। सड़क बनने से हिसार के लोगों का चंडीगढ़ का सफर सुगम हो जाएगा। मंत्री गंगवा ने इस संबंध में बैठक भी ली थी।

