हरियाणा के गांवों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। सूबे की नायब सैनी सरकार ने प्रदेश के 582 गांवों में ग्राम ज्ञान केंद्र (विलेज नॉलेज सेंटर) खोलने का फैसला लिया है जहां ग्रामीणों को बैठक कक्ष, सरपंच कार्यालय, CSC रूम, डिजिटल लाइब्रेरी और केयर टेकर कक्ष जैसी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री नायब सैनी और विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार की अध्यक्षता में हुई स्टेट फाइनांस कमेटी की एक मीटिंग में नाबार्ड की सहायता से संचालित 514 करोड़ की इस योजना को मंजूरी प्रदान कर दी गई है।
शहरों जैसी मिलेगी सुविधाएं
मीटिंग की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि ग्रामीण इलाकों में शहरों की तर्ज पर बेहतर और जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने वित्त विभाग को निर्देश दिया कि परियोजना हेतु आवश्यक धनराशि की वित्तीय स्वीकृति प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रदान की जाए।
सीएम ने कहा कि विलेज नॉलेज सेंटर को गांव में एक ‘ऑल-इन-वन’ सहायता केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा, जहां विकास एवं पंचायत विभाग के साथ-साथ अन्य विभागों के अधिकारी भी उपलब्ध रहें। इससे ग्रामीणों को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों से संबंधित आवश्यक सुविधाओं एवं सेवाओं का लाभ सुगमता से मिल सकेंगा।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक ‘विलेज नॉलेज सेंटर’ परिसर में चबूतरे के साथ एक छायादार पेड़ भी लगाया जाए। गांवों में चबूतरा और पेड़ हमेशा से आपसी मेल-जोल, बातचीत और सामुदायिक जीवन का हिस्सा रहे हैं। इसी पारंपरिक ग्रामीण संस्कृति और विरासत को आगे बढ़ाते हुए विलेज नॉलेज सेंटर परिसर में ऐसी व्यवस्था की जाए।

