हरियाणा परिवहन विभाग द्वारा यात्रियों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरंतर नए प्रयास किए जा रहे हैं। साथ लगते राज्यों के प्रमुख धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर यात्रियों के सफर को आरामदायक बनाया जा रहा है। इसी कड़ी में राजस्थान के एक और धार्मिक स्थल के लिए फतेहाबाद रोडवेज डिपो ने सीधी बस शुरू कर श्रद्धालुओं को बड़ी सौगात दी है।
रामदेवरा धाम के लिए दौड़ेगी सीधी बस
राजस्थान स्थित प्रसिद्ध लोक देवता बाबा रामदेव जी के वार्षिक मेले में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए राहत भरी खबर है। रामाधणी सोशल वेल्फेयर ट्रस्ट हरिपुरा धाम के विशेष प्रयासों के बाद हरियाणा राज्य परिवहन ने फतेहाबाद से रामदेवरा के लिए सीधी बस सेवा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल बस 4 सितंबर से 25 सितंबर तक नियमित रूप से चलाई जाएगी।
हाल ही में रामाधणी ट्रस्ट का एक प्रतिनिधिमंडल अध्यक्ष मोहन लाल सैनी के नेतृत्व में रोडवेज महाप्रबंधक से मिला था और ज्ञापन सौंपकर स्पेशल बस चलाने का अनुरोध किया था। इस प्रतिनिधिमंडल में ऑटो मार्किट फतेहाबाद के उपप्रधान भारत गलगट भी विशेष रूप से मौजूद रहे। प्रतिनिधिमंडल ने जीएम को अवगत कराया था कि 25 सितंबर तक चलने वाले इस विशाल मेले में फतेहाबाद व आसपास के ग्रामीण अंचलों से हर वर्ष हजारों श्रद्धालु दर्शन हेतु रामदेवरा जाते हैं।
यह रहेगा रूट
बस फतेहाबाद से चलकर भट्टूकलां, चौपटा, नोहर और बीकानेर होते हुए रामदेवरा पहुंचेगी। इससे जिले के साथ टोहाना, रतिया, भूना, भट्टूकलां और आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं को भी सीधी परिवहन सुविधा मिलेगी। सीधी बस मिलने से यात्रियों को बार-बार वाहन बदलने की जरूरत नहीं पड़ेगी और उनकी यात्रा भी आसान होगी।

