New Highway in Haryana: हरियाणा-एनसीआर में सड़क संपर्क बेहतर बनाने के लिए गुरुग्राम से झज्जर तक नए हाईवे की योजना पर तेजी से काम शुरू हो गया है। हरियाणा सरकार द्वारा कराए गए सर्वे में तीन संभावित रूट सुझाए गए हैं। अब भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) अगले 15 दिनों के भीतर इनमें से एक विकल्प का चयन कर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू करेगा।
करीब 3,000 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना के लिए किसानों की भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा। हाईवे बनने से गुरुग्राम और झज्जर के बीच यात्रा आसान होगी और एक लाख से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने गुरुग्राम-झज्जर टू-लेन रोड पर लगातार लगने वाले जाम को देखते हुए इस हाईवे के निर्माण की सिफारिश की थी। झज्जर के बाढ़सा स्थित नेशनल कैंसर इंस्टीट्यूट (NCI) में आने-जाने वाले मरीजों और अन्य लोगों को भी इससे बड़ी राहत मिलने की संभावना है।
पहला: मौजूदा टू-लेन सड़क को चौड़ा कर छह लेन और सर्विस लेन सहित हाईवे बनाया जाए।
दूसरा: गुरुग्राम के गांव हरसरू से झज्जर तक खेतों के बीच नया हाईवे बनाया जाए। इसके लिए लगभग 495 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी, जिसमें 400 एकड़ सरकारी भूमि पहले से उपलब्ध है।
तीसरा: गुरुग्राम-पटौदी रोड पर गांव वजीरपुर से खेतों के रास्ते झज्जर तक नया हाईवे बनाया जाए। इसके लिए करीब 475 एकड़ भूमि की जरूरत होगी।

