हरियाणा के सोनीपत जिले के गोहाना में एक 2 वर्षीय मासूम की हत्या का मामला बदल गया है। आरोप है कि महिला ने अपने ही बेटे को पानी की होदी में डुबोकर मार दिया और बाद में इसे हादसा बताने की कोशिश की।पुलिस ने बच्चे की मां के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने शुरू की गहन जांच
क्या है पूरा मामला:-
गोहाना सदर थाना क्षेत्र के गांव मुण्डलाना निवासी हरिओम ने बताया की उनकी शादी करीब 5 साल पहले पानीपत जिले के उग्रा खेड़ी निवासी प्रिया के साथ हुई थी। और दंपती के 2 बच्चे हैं – बेटी तनवी और 2 साल का बेटा चिरांश।पुलिस को दी शिकायत में हरिओम ने बताया कि शादी के बाद से ही उसकी पत्नी उस पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का शक करती थी। उसने कई बार अपनी पत्नी को समझाया कि ऐसा कुछ नहीं है, लेकिन पत्नी बार-बार यही कहती थी कि वह बच्चों को अपने पास रखकर उसे छोड़ देगी। हरिओम का आरोप है कि इसी संदेह के कारण पत्नी के मन में उसके और बच्चों के प्रति नफरत पैदा हो गई थी।हरिओम ने बताया कि 29 जुलाई को वह निजी काम से रोहतक गया था। इसी दौरान उसे सूचना मिली कि बेटा चिरांश घर में बनी पानी की होदी में गिर गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। सूचना के बाद वह बीपीएस खानपुर कलां पहुंचा। वहां पोस्टमार्टम के दौरान उसने पुलिस को बताया कि बच्चे की मौत पानी में गिरने से हुई है। शुरुआती जांच में इसे हादसा मानकर धारा 194 BNSS के तहत कार्रवाई की गई और शव परिजनो को सौंप दिया गया।
बाद में घर आकर जब हरिओम ने जानकारी जुटाई तो उसे अपनी पत्नी प्रिया पर शक हुआ। उसने आरोप लगाया कि पत्नी ने जानबूझकर बेटे को होदी में डुबोकर मार दिया।
पुलिस कार्यवाही:-
30 जुलाई को हरिओम ने पुलिस चौकी मुण्डलाना में लिखित शिकायत दी। शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर सदर गोहाना थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता BNS की धारा 103(1) के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भी भेज दी गई है ।साथ ही पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने मौके से होदी का पानी का सैंपल, होदी पर रखी निप्पल, होदी के अंदर मिला एक कपड़ा यानी रूमाल और घर के अंदर बेड से एक लिखित नोट कब्जे में लिया है। पोस्टमार्टम के बाद डॉक्टर द्वारा दिए गए सीलबंद पैकेट को भी जांच का हिस्सा बनाया गया है।फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जब्त किए गए साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
TEAM VOICE OF PANIPAT

