INDIAN RAILWAYS: देश में त्योहारी सीजन शुरू हो गया है और इसका दबाव रेलवे पर देखने को मिलता है। ऐसे में अलग-अलग मंडल में रेलवे द्वारा अतिरिक्त ट्रेन चलाई जा रही हैं। यात्रियों को सुविधा देने के लिए उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा भी खास फैसला लिया गया है। इसके तहत दिल्ली- जोधपुर और मंडोर तक चलने वाली एक्सप्रेस ट्रेन में अतिरिक्त डब्बे लगाने का फैसला लिया गया है।
दरअसल त्योहारी सीजन में यात्रियों की संख्या काफी बढ़ जाती है। इसके लिए भारतीय रेलवे द्वारा देश के अलग-अलग हिस्सों में खास प्रबंध किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में रेलवे ने फैसला लिया है कि जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर एक्सप्रेस गाड़ी में पहले से अधिक यात्रियों के सफर करने की सुविधा रहेगा। ट्रेन के डिब्बों में यह वृद्धि अस्थाई रूप से है। हालांकि इसके अलावा साबरमती से दिल्ली के बीच एक विशेष ट्रेन भी चलाई जाएगी। यह ट्रेन पूरी तरह से आरक्षित होने वाली है।
यह चलेगी स्पेशल ट्रेन
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी कैप्टन अमित सुदर्शन द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार ट्रेन नंबर 22491 और 22492 जो जोधपुर-दिल्ली-जोधपुर मंडोर के बीच चलती है, इसमें डिब्बे बढ़ाए गए हैं। इसमें वातानुकूलित श्रेणी के दो, सेकंड एसी का एक और थर्ड एसी श्रेणी का एक कोच बढ़ाया गया है।
10 अक्टूबर से शुरू होगी सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस ट्रेन में अतिरिक्त कोच की सुविधा 10 अक्टूबर से शुरू हो जाएगी। इसके तहत दिल्ली के लिए चलने वाली ट्रेन में 10 से 16 अक्टूबर तक अतिरिक्त कोच चलेंगे। वहीं जो ट्रेन दिल्ली से रवाना होगी, उसमें 11 अक्टूबर से 17 अक्टूबर तक अतिरिक्त कोच होंगे। ऐसे में संभावना है कि वेटिंग वाले यात्रियों का कंफर्म टिकट मिल सकेगा।
स्पेशल ट्रेन भी 10 अक्टूबर से
दूसरी ओर रेलवे द्वारा चलाई जाने वाली स्पेशल ट्रेन भी 10 अक्टूबर से ही संचालित की जा रही है। यह गाड़ी ट्रेन नंबर 04251 के रूप में साबरमती-दिल्ली तक चलेगी। इस ट्रेन को साबरमती से रात 10:55 बजे चलाया जाएगा। जबकि यह ट्रेन अगले दिन यानी 11 अक्टूबर शाम करीब साढ़े 5 बजे दिल्ली जंक्शन पहुंच जाएगी। इससे हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और गुजरात के यात्रियों को लाभ होगा।
यहां होगा ठहराव
दिल्ली-साबरमती के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन का ठहराव मेहसाणा, पालनपुर, आबू रोड, फालना, मारवाड़ जंक्शन, ब्यावर, अजमेर, जयपुर, बांदीकुई, अलवर जंक्शन, रेवाड़ी, गुरुग्राम, दिल्ली सराय रोहिल्ला जैसे बीच के स्टेशनों पर रहेगा।

