New Ration Depots Applications : हरियाणा में राशन डिपो लेने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए खुशखबरी है। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के प्रत्येक जिले में नए राशन डिपो खोले जाएंगे। यह राशन डिपो जनसंख्या बढ़ने व घर के नजदीक ही राश उपलब्ध करवाने की योजना से किया गया है।
ऐसे में नए लोगों को राशन डिपो लेने का मौका मिलेगा, ताकि उनको रोजगार मिल सके। यह जानकारी हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के राज्यमंत्री राजेश नागर ने पंचकूला के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में डिपोधारकों के साथ बैठक के बाद कही।
हरियाणा में 40 लाख लोगों को दिया जा रहा मुफ्त राशन
राज्य मंत्री ने कहा कि हरियाणा में 40 लाख लोगों को मुफ्त में राशन उपलब्ध करवाया जा रहा है। यह राशन लोगों को उनके नजदीक के राशन डिपो पर उपलब्ध करवाया जाता है। सरकार द्वारा प्रत्येक डिपोधारक को निशुल्क राशन पहुंचाया जाता है। डिपोधारकों से किसी भी प्रकार का परिवहन शुल्क, लोडिंग या अनलोडिंग चार्ज नहीं लिया जाता।
मंत्री ने कहा कि अगर राशन सप्लाई करने वाला ठेकेदार यानी ट्रांसपोर्टर उनसे रुपये की डिमांड करता है तो तुरंत ही उसकी शिकायत विभाग के दूरभाष नंबर 0172-2741547 और 0172-2790255 पर कर दे, ताकि उसके खिलाफ तुरंत ही कार्रवाई की जा सके।
राशन डिपो को खोलने का समय निर्धारित
राजमंत्री नागर ने कहा कि प्रदेश में राशन डिपो खोलने का समय निर्धारित किया हुआ है। गर्मियों में सरकारी डिपो खोलने के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक खोलने का समय है। जबकि सर्दियों में राशन डिपो खोलने का समय सुबह नौ बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक डिपो खुले रख राशन वितरण सुनिश्चित करें।
डिपोधारक यह सुनिश्चित करें कि कार्डधारकों को राशन लेने में कोई असुविधा न हो। उन्होंने डिपोधारकों को अपने-अपने डिपो पर साइन बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने के निर्देश दिए, ताकि लाभार्थियों को स्पष्ट रूप से जानकारी मिल सके कि संबंधित स्थान पर राशन उपलब्ध करवाया जाता है।
राशन डिपोधारकों के लिए खाते में 1 से 5 तारीख के बीच आएगा मार्जिन
राज्यमंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरकार ने राशन डिपो धारकों द्वारा वितरित किए जाने वाले अनाज पर मिलने वाला कमीशन की राशि को बैंक खाते में ट्रांसफर करने की तिथि निर्धारित कर दी है। डिपोधारकों को मिलने वाला मार्जिन प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के बीच सीधे उनके बैंक खातों में जमा करवाया जाएगा, जिससे उन्हें मार्जिन हासिल करने के लिए कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

