ITI Admission : राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) में दाखिला लेने का अंतिम अवसर चल रहा है। इसी कड़ी में पलवल में विभिन्न ट्रेडों में दाखिला लेने से वंचित रह गए अभ्यर्थियों को प्रवेश का अंतिम अवसर प्रदान किया गया है।
राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) के तहत दाखिले की अंतिम तिथि 22 सितंबर 2026 तथा राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एससीवीटी) के तहत दाखिले की अंतिम तिथि 29 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पलवल के प्रधानाचार्य भगत सिंह ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आईटीआई में प्रवेश नहीं लिया है, वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से पहले अपना रैंक कार्ड स्वयं राजकीय आईटीआई, पलवल में जमा करवाएं। उपलब्ध सीटों तथा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार अभ्यर्थियों की प्रवेश प्रक्रिया उसी दिन पूरी की जाएगी।
अंतिम तिथि का इंतजार न करें अभ्यर्थी
प्रधानाचार्य ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे दाखिले की अंतिम तिथि का इंतजार न करें और समय रहते राजकीय आईटीआई, पलवल पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करवाएं। उन्होंने बताया कि आईटीआई में विभिन्न तकनीकी एवं व्यावसायिक ट्रेडों में प्रशिक्षण प्राप्त कर युवा अपने कौशल का विकास कर रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकते हैं।
उन्होंने इच्छुक अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखते हुए अपने आवश्यक दस्तावेजों एवं रैंक कार्ड के साथ संस्थान में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करवाने का आह्वान किया है।

