हरियाणा के नूंह वासियों को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ी सौगात दी है। आज सीएम ने यहां लगभग 174 करोड़ रुपए से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया।
आज शनिवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी नूंह दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री यहां अनाज मंडी में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने शिक्षा विभाग की ओर से लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इसके साथ ही पूरे जिले को करोड़ों की सौगात भी दी है।
सीएम ने आज नूहं में 174.66 करोड़ रुपये की लागत की 22 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के साथ-साथ खेल, शिक्षा और अन्य सार्वजनिक सुविधाओं के विस्तार से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्य शामिल हैं।
155 करोड़ से बनेगा 100 बेड का अस्पताल
इसके साथ ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज नूंह में 155.49 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले 100 बेड के जिला सामान्य अस्पताल की आधारशिला रखी। आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं से लैस इस प्रस्तावित अस्पताल के बनने से जिले के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने कुल 17 परियोजनाओं का शिलान्यास और 5 परियोजनाओं का उद्घाटन किया है।
इसके अलावा, स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के तहत जिले के कई गांवों में करोड़ों की लागत से उप स्वास्थ्य केंद्र (एसएचसी) भवनों का निर्माण किया जाएगा। वहीं गांव पढ़ेनी में 50 लाख रुपये और पिनगवां में 62 लाख रुपये की लागत से ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवनों का निर्माण भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मेवात विकास अभिकरण की विभिन्न परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी। इनमें नूंह में 2.45 करोड़ रुपये की लागत से सार्वजनिक पार्क का निर्माण, पिनगवां में 1.80 करोड़ रुपये की लागत से खेल स्टेडियम का नवीनीकरण तथा 1.47 करोड़ रुपये की लागत से 100 मॉडल आंगनवाड़ी केंद्रों की स्थापना शामिल है।
इसी प्रकार, नूंह खंड के 33 राजकीय विद्यालयों में 1 करोड़ रुपये की लागत से बालिका शौचालयों बनाए जाएंगे। वहीं हथीन खंड में 39 लाख रुपये की लागत से उपमंडल स्तरीय पुस्तकालय का निर्माण होगा। साथ ही हथीन खंड के 14 राजकीय विद्यालयों में 1 करोड़ रुपये की लागत से हाइब्रिड सोलर पावर प्लांट की स्थापना की जाएगी। हथीन खंड के 10 राजकीय विद्यालयों में 50 लाख रुपये की लागत से खेल मैदानों का विकास भी किया जाएगा।
बीपीएचयू और टीबी कार्यालय भवन का उद्घाटन
इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य विभाग की दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी किया। इनमें पुन्हाना सीएचसी परिसर में 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट (बीपीएचयू) भवन तथा मांडीखेड़ा नागरिक अस्पताल परिसर में 1.54 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित टीबी कार्यालय भवन शामिल हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने मेवात विकास अभिकरण के तहत गांव शाहपुर-नंगली (नूंह) एवं कामेड़ा (फिरोजपुर झिरका) में 85 लाख रुपये की लागत से खेल स्टेडियमों के नवीनीकरण तथा जिला नूंह के 16 राजकीय विद्यालयों में 80 लाख रुपये की लागत से मिलने वाली खेल सुविधाओं का उदघाटन किया है।
सीएम ने किया 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि का वितरण
मुख्यमंत्री ने 92 लाख रुपये की छात्रवृत्ति राशि का वितरण भी किया। यह राशि मुख्यमंत्री मेवात गरीब मेधावी छात्रवृत्ति योजना एवं मुख्यमंत्री मेवात छात्र प्रतिभा सम्मान योजना के तहत विद्यार्थियों को प्रदान की गई।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य नूंह जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, खेल सहित आधारभूत सुविधाओं का निरंतर विस्तार करते हुए लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से जहां स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, वहीं विद्यार्थियों और युवाओं के लिए शिक्षा एवं खेल की बेहतर सुविधाएं भी विकसित होंगी। सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों का समान विकास सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

