हरियाणा में इन दिनों तेज बारिश का दौर जारी है। लगातार हो रही बारिश से मौसम सुहावना हो गया है और तापमान में भी गिरावट देखने को मिल रही है। कल यानि 12 अगस्त को भी हरियाणा में बारिश के आसार है। मौसम विभाग के अनुसार 12 अगस्त तक प्रदेश में मानसून की हवाओं की सक्रियता बनी रहेगी।
कल कैसा रहेगा मौसम?
ऐसे में कल कई जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे। साथ ही झमाझम बारिश भी होगी। मौसम विभाग की मानें तो मानसून की सक्रियता के कारण कुछ इलाकों में हल्की और कहीं- कहीं तेज बारिश होने की संभावना है।
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश
मंगलवार को भी कई जिलों में बारिश हुई। जिससे उमस भरी गर्मी से राहत मिली। लेकिन बीते सोमवार को हुई तेज बारिश के कारण जगह- जगह जलभराव की समस्या हो गई। ऐसे में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बीते सोमवार को हरियाणा के सोनीपत और यमुनानगर में सबसे ज्यादा बारिश देखने को मिली।
तापमान में गिरावट, मौसम हुआ सुहावना
इस दौरान यमुनानगर में लगभग 46.5 एमएम, सोनीपत में 42.0, हिसार में 16.5 एमएम और चरखी दादरी में 9.5 एमएम बारिश हुई। लगातार हो रही बारिश की वजह से मौसम सुहावना हो गया है। इससे तापमान में गिरावट देखने को मिली है। प्रदेश में औसतन अधिकतम तापमान में 1.9°C की गिरावट आई है, जिससे दिन का पारा सामान्य से 3.3°C नीचे आ गया है।

